
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पोला पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को पोला पर्व के अलग-अलग आयोजनों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2.30 बजे रायपुर से दुर्ग के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे ग्राम मडियापार पहुंचकर पोरा महोत्सव-2026 में शामिल होंगे।
मडियापार में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मुख्यमंत्री शाम 3.45 बजे भिलाई के रिसाली सेक्टर के लिए रवाना होंगे। यहां दशहरा मैदान में शाम 4.30 बजे आयोजित पोला उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 5.45 बजे तक रायपुर लौटेंगे।
सक्ती में ग्रामीण विकास को लेकर बड़ा आयोजन
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में 11 सितंबर को ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख परिवारों को पक्के घर की सौगात दी जाएगी और लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इसके साथ ही आवास योजना के लिए एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन प्रणाली की शुरुआत की जाएगी।
नदियों के पुनर्जीवन के लिए शुरू होगा अभियान
आयोजन में नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन के उद्देश्य से ‘धार अपार अभियान’ की शुरुआत भी होगी। ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर शुरू किए जाएंगे।
इस दौरान लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और रानी मिस्त्री को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 5 पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान मिलेगा।
122 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहेंगे।



