सीरिया में यात्री बस पर बरसी गोलियों की बौछार, 7 की मौत और 4 घायल; दहला होम्स

दमिश्क: उत्तर-पश्चिमी सीरिया में बुधवार देर रात एक छोटी यात्री बस पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार, यह हमला पश्चिमी सीरिया के होम्स प्रांत में मसयाफ पुल के पास हुआ।
काम खत्म कर घर लौट रहे थे कर्मचारी
मारे गए और घायल हुए लोग एक कंपनी के कर्मचारी थे, जो अपना काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। गोलीबारी के बाद बचावकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों के साथ मृतकों को होम्स शहर के आसपास स्थित अस्पतालों में पहुंचाया गया।
सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। हमले के बाद बस के भीतर खून के निशान और टूटे हुए शीशे दिखाई दिए।
किसने किया हमला, अब तक साफ नहीं
सरकारी समाचार एजेंसी सना के मुताबिक, मसयाफ पुल के पास बस को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई। हमले के पीछे क्या वजह थी, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है। किसी संगठन ने भी अब तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सीरियाई अधिकारियों ने फिलहाल किसी व्यक्ति या संगठन को इस हमले का संदिग्ध नहीं बताया है।
होम्स की सुरक्षा व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश
होम्स में आंतरिक सुरक्षा बलों के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल बासेम मोहम्मद शाबान ने सना से कहा कि इस कायरतापूर्ण हमले को होम्स की सुरक्षा को कमजोर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। उनके मुताबिक, यह पूरे प्रांत में विभिन्न उपायों के जरिए मजबूत की गई सुरक्षा व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास भी हो सकता है।
असद शासन के पतन के बाद भी चुनौती बनी सुरक्षा
सीरिया में 13 साल से अधिक समय तक चले युद्ध और 2024 के अंत में असद वंश के शासन के पतन के बाद से अधिकारी देश में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने कई योजनाबद्ध हमलों और सशस्त्र समूहों की गतिविधियों को विफल किया है। इसके बावजूद राजधानी दमिश्क और देश के अन्य हिस्सों में घातक गोलीबारी तथा विस्फोट की घटनाएं होती रही हैं।



