उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में भीषण आग से मचा हड़कंप, मजदूरों की कॉलोनी जलकर खाक, दो झुलसे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों की लेबर कॉलोनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी इमारत से धुआं और लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि समय रहते सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

352 मजदूरों के रहने के लिए बनाया गया था आवास

जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास तैयार किया गया था। इस भवन में करीब 352 मजदूर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह एक मजदूर सिलेंडर पर खाना बना रहा था, तभी अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं काफी दूर से दिखाई देने लगा, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

समय रहते सभी मजदूरों को बाहर निकाला गया

आग तेजी से फैलने से पहले ही सभी मजदूरों को आवास से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, कुछ मजदूर अपना सामान निकालने के लिए दोबारा अंदर गए। इसी दौरान निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर आग की चपेट में आकर झुलस गए।

दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी हालत के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

दमकल की 9 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से भवन का ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल गया, जबकि ऊपर के हिस्से भी आग से प्रभावित हुए हैं।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के साथ सरोजनीनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और राहत-बचाव कार्य में जुटी रही।

पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल जाएं। समय रहते मजदूरों को भवन से बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button