उत्तर प्रदेशराज्यसीतापुर

‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम को मिला केमिस्ट एसोसिएशन का साथ

अभिमुखीकरण कार्यशाला में डायरिया नियंत्रण व रोकथाम में हरसम्भव सहयोग का दिया आश्वासन

सीतापुर : केमिस्ट एसोसिएशन और दवा विक्रेताओं ने डायरिया नियंत्रण व रोकथाम में बड़ी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए वह डायरिया के प्रति जागरूकता की अलख जगाने के साथ ही मेडिकल स्टोर पर आने वाले डायरिया पीड़ितों या उनके परिजनों को डायरिया की शीघ्र पहचान, बचाव और ओआरएस व जिंक की महत्ता के बारे में बताएँगे। इसके अलावा जरूरी समझने पर स्थानीय सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाने का परामर्श भी देंगे। दवा विक्रेताओं ने यह संकल्प शनिवार को स्थानीय एक होटल में आयोजित अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यशाला में लिया। कार्यशाला का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत किया गया। कार्यशाला में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श हुआ। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मेडिकल स्टोर पर आने वालों व्यक्तियों को डायरिया के बारे में जानकारी देना, उससे बचाव व रोकथाम के उपायों की जानकारी देना और चिकित्सक के पास जाने की सलाह देना था।

कार्यशाला में पीएसआई इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रोग्राम अनिल द्विवेदी ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि डायरिया से किसी भी बच्चे की मौत न होने पाए, इसमें केमिस्ट बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। अभिमुखीकरण कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए ड्रग एंड केमिस्ट एसोसिएशन सीतापुर के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार बाजपेई ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम को सफल बनाने में हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय में डायरिया को लेकर आज भी भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिनको दूर करना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि ओआरएस दस्त से बच्चे के शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और जान बचाता है। इस अवसर पर पीएसआई इंडिया द्वारा दस्त प्रबन्धन सम्बन्धी आईईसी (पम्पलेट, हैंगर पोस्टर व टेबल कैलेंडर, लिफाफा) उपलब्ध कराया गया ताकि डायरिया के प्रति जागरूकता लायी जा सके।

श्री बाजपेई ने केमिस्ट एसोसिएशन सदस्यों की डायरिया पर पीएसआई इंडिया द्वारा आयोजित कार्यशाला की सराहना की एवं आश्वासन दिया कि आगे भी इस तरह के आयोजनों में सहयोग करेंगे। इसके साथ ही यह भी कहा कि लोग अपने घरों में ओआरएस एवं ज़िंक जरूर रखें। केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यशाला का समापन किया। कार्यशाला में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सीतापुर के संयुक्त सचिव डॉ. शानू कुमार वर्मा, पीएसआई इंडिया से कमलेश कुमार, एसोसिएशन से सुनील तिवारी, उपेन्द्र शुक्ला, सुमित मिश्रा, सुधीर शुक्ला, राजकुमार तिवारी, धीरेन्द्र, अमित गुप्ता, अमित दीक्षित, हिमांशु केसरवानी, नफ़ीश, दीपक गुप्ता, अभिषेक, प्रदीप, शिवम, अखिल वर्मा, जैद खान, शोभित वर्मा, आयुष, अंश सिंह आदि दवा व्यवसाई उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button