MP: दूध-केला खाने के बाद 32 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, अचानक होने लगी उल्टियां; अस्पताल में भर्ती, प्रशासन में मचा हड़कंप

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र में दूध, केला और बरबटी के बीजों का सेवन करने के बाद 32 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
भीमपुर के भाडरी गांव में एक साथ बीमार पड़े 32 बच्चे
यह मामला बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत चिखली के भाडरी गांव का है। जानकारी के मुताबिक, बच्चों को परिवार एजुकेशन सोसायटी की कुटीर संस्था से दूध, केला और बरबटी के बीज दिए गए थे। इनका सेवन करने के बाद एक साथ 32 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
बच्चों को अचानक उल्टियां होने लगीं। उनकी हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। एसडीएम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) समेत वरिष्ठ अधिकारी भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों के उपचार और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
बैतूल के सीएमएचओ संजीव शर्मा के मुताबिक, बच्चों को कुटीर संस्था से दूध, केले और बरबटी के बीज दिए गए थे। इनके सेवन के बाद बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है।
दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया
स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दूध का नमूना एकत्र किया है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या थी। हालांकि, फिलहाल बच्चों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में बच्चों का उपचार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी बच्चों की हालत स्थिर होने से राहत मिली है।
परिजन बोले- दूध और केला खाने के बाद बिगड़ी बच्चे की तबीयत
अपने बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे सुमरत कास्दे ने बताया कि उनका बच्चा कुटीर संस्था गया था, जहां उसे दूध और केला दिया गया था। इसके बाद बच्चा स्कूल गया, लेकिन वहां उसने कुछ नहीं खाया।
परिजन के मुताबिक, स्कूल से बच्चों को उल्टियां होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे अपने बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग दूध के नमूने की जांच और बच्चों की स्थिति पर नजर रखे हुए है।



