पंजाब

लुधियाना में पार्किंग विवाद के बाद फायरिंग, 31 वर्षीय ड्राइवर की मौत; पत्नी बोली- रात को दोस्त बुलाकर ले गए थे

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में ताजपुर रोड पर गाड़ी की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट के बाद हुई गोलीबारी में 31 वर्षीय दरबारा सिंह उर्फ हैरी की जान चली गई। गोली उसकी छाती में लगी थी। परिजन उसे सीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक पेशे से ड्राइवर था और उसका शव एक निजी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर चली गोली

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद गाड़ी की पार्किंग को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद विरोध जताने पहुंचे लोगों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान फायरिंग हुई, जिसमें दरबारा सिंह को गोली लग गई। उसकी मौत के बाद इलाके में घटना को लेकर तनाव का माहौल है।

बुखार से पीड़ित था हैरी, दोस्त घर से बुलाकर ले गए

मृतक की पत्नी राजविंदर ने बताया कि मंगलवार रात उनके पति को बुखार था और वह घर पर ही बैठे थे। इसी दौरान उनका एक दोस्त घर आया और बताया कि वहां खड़ी गाड़ी के शीशे टूट गए हैं। इसके बाद चार-पांच युवक घर पहुंचे और हैरी को अपने साथ ले गए।

रात तीन बजे आया गोली लगने का फोन

राजविंदर के मुताबिक, रात करीब तीन बजे उसे फोन आया कि उसके पति को गोली लग गई है। पत्नी ने दावा किया कि जो युवक आगे थे, उन्हें खरोंच तक नहीं आई, जबकि उसका पति छह-सात लोगों के पीछे खड़ा था और उसे गोली लग गई। उसने घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राजविंदर ने कहा कि इस घटना ने उसकी जिंदगी उजाड़ दी है।

पहले भी पति के साथ मारपीट होने का आरोप

राजविंदर ने बताया कि पिछले शनिवार को भी कुछ युवक उसके पति के साथ मारपीट करके गए थे। उस दिन हैरी अपनी सहेली सीनू के साथ था, जो गिलां गांव में रहती है। पत्नी के अनुसार, उसके पास सहेली की एक रिकॉर्डिंग भी है, जिसमें वह कथित तौर पर होटल में कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की बात बता रही है।

पुलिस जुटी जांच में, आरोपितों की भूमिका खंगाली जा रही

लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर सात की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात पर बढ़ा, फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन शामिल था। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button