मध्य प्रदेशराज्य

MP: इंदौर में गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद युवक ने खाया जहर, मौत के बाद शव चौराहे पर रखकर प्रदर्शन; FIR की मांग

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में 23 वर्षीय चिराग सेन उर्फ लाला की मौत के बाद परिजनों और दोस्तों ने विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि गरबा नाइट के बाद प्रेमिका से विवाद होने पर चिराग ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चौराहे पर पहुंच गए। वहां दोस्तों के साथ प्रदर्शन करते हुए युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने ‘जस्टिस फॉर चिराग’ के पोस्टर भी लहराए।

गरबा खेलने को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुआ था विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रविवार को चिराग ने निशा को एक अन्य युवक के साथ गरबा खेलते हुए देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि झगड़े के बाद गुस्से में आकर चिराग ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

हालत बिगड़ने पर उसका एक दोस्त उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका उपचार किया गया। हालांकि, सोमवार को चिराग ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के मुताबिक, वृंदावन कॉलोनी निवासी चिराग सेन उर्फ लाला भजन मंडली में काम करता था। उसके भाजपा नेताओं के संपर्क में होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, चिराग और बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाली निशा के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस दौरान दोनों के बीच कई बार विवाद होने की जानकारी भी मिली है। बताया गया है कि पिछले करीब पांच महीनों से दोनों साथ रह रहे थे।

अंतिम संस्कार से पहले शव चौराहे पर रखकर प्रदर्शन

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन चिराग का शव लेकर चौराहे पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में उसके दोस्त भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले में कार्रवाई की मांग की।

दोस्तों ने हाथों में ‘जस्टिस फॉर चिराग’ के पोस्टर लेकर नारेबाजी की। अचानक हुए प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

शव रखकर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलते ही एसीपी रुबिना मिजवानी और बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और दोस्तों से बातचीत की तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों को वहां से रवाना किया गया। परिजन और दोस्त अब भी युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठा रहे हैं।

युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

चिराग की मौत के बाद परिजन और दोस्त घटना के कारणों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनकी मांग है कि युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े घटनाक्रम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है। युवती के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button