भगवान राम ने सिखाया रिश्तों का महत्व, सदमार्ग पर चलने की दी प्रेरणा; CM मोहन यादव ने रावण दहन कार्यक्रम में कही ये बात

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से रिश्तों की अहमियत समझाई और लोगों को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना के लिए कार्य कर रहे हैं। आज दुनिया के 200 देश भारत को सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अयोध्या में भगवान राम विराजमान हैं और आने वाले समय में मथुरा-वृंदावन में भगवान कृष्ण भी मुस्कुराएंगे।
कोलार में रावण दहन कार्यक्रम को किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयादशमी के अवसर पर भोपाल के श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली बेटियों और अन्य कलाकारों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को दशहरे की बधाई देते हुए सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया।
भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आरती उतारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी के स्वरूपों की आरती की। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।
साहसिक कार्य के लिए प्रधान आरक्षक जगदीश दांगी सम्मानित
मुख्यमंत्री ने साहसिक कार्य के लिए यातायात पुलिस के प्रधान आरक्षक जगदीश दांगी को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन कोलार हिंदू उत्सव समिति, विक्रमादित्य महाविद्यालय और दैनिक भास्कर समाचार पत्र की ओर से किया गया था। इस अवसर पर वरिष्ठ सांसद वी.डी. शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, महामंत्री राहुल कोठारी, भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



