छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ में 29 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को मिली सौगात, CM विष्णु देव साय ने की 4 विकास कार्यों की घोषणा; 40 जगह बनेंगे जैतखाम

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता के आदर्शों पर चलते हुए सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को आरंग विकासखंड के भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ रुपये की लागत वाले तीन सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया और चार विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।

‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश को बताया समाज के लिए प्रेरणास्रोत

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी का सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश पूरे मानव समाज के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेगा। उनका अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ लोगों को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला सामाजिक एकता, आस्था और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।

सतनामी समाज के शिक्षा और आर्थिक विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों के अनुरूप समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की कोशिश है कि विकास की प्रक्रिया में कोई भी समाज, वर्ग या क्षेत्र पीछे न छूटे।

उन्होंने बताया कि सतनामी समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।

2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, सामाजिक सद्भाव और समानता को मजबूत करने तथा राज्य के विकास में सहभागी बनने की अपील की।

28.96 करोड़ रुपये की तीन सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन

भण्डारपुरी धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना और गांवों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करना है।

इनमें 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। वहीं, 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण किया जाएगा।

इसके अलावा 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग पर डामर नवीनीकरण का काम किया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

चार विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। इनमें ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये, नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए 85 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की राशि से 40 स्थानों पर बनेंगे लकड़ी के जैतखाम

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की राशि से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाने की भी जानकारी दी गई। यह पहल सतनामी समाज की आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े स्थलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button