पीएम मोदी के ओडिशा दौरे से पहले पुरी बीच पर सुदर्शन पटनायक की खास सैंड आर्ट, कोणार्क चक्र के साथ दिखाई RBI के नए डेटा सेंटर की झलक

पुरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओडिशा दौरे से पहले पुरी के समुद्र तट पर उनके स्वागत के लिए खास रेत कलाकृति तैयार की गई है। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने समुद्र तट पर 8 फुट ऊंची कलाकृति बनाई है। इसमें ओडिशा की सांस्कृतिक पहचान कोणार्क चक्र के साथ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नए डेटा सेंटर को भी दर्शाया गया है।
सुदर्शन पटनायक ने इस कलाकृति के जरिए प्रधानमंत्री के दौरे और ओडिशा में स्थापित किए गए आरबीआई के नए डेटा सेंटर के उद्घाटन को खास अंदाज में पेश किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा आ रहे हैं और यहां आरबीआई के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। राज्य के लिए यह गर्व की बात है कि आरबीआई का दूसरा डेटा सेंटर ओडिशा में स्थापित किया गया है।
पटनायक के मुताबिक, उन्होंने पुरी बीच पर रेत के माध्यम से कोणार्क चक्र और नए डेटा सेंटर की झलक उकेरी है। उन्होंने कहा कि कलाकार के तौर पर वह अपनी कला के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे हैं।
169 करोड़ रुपये की लागत से बना है डेटा सेंटर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भुवनेश्वर के पास जटनी स्थित इन्फो वैली-2 में भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस अत्याधुनिक डेटा सेंटर के निर्माण पर लगभग 169 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उद्घाटन समारोह के बाद मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। जनसभा के बाद प्रधानमंत्री शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
ओडिशा से पहले वाराणसी में भी रहेंगे प्रधानमंत्री
ओडिशा दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी जाएंगे। वहां वह अरविंद लिमिटेड की नई वस्त्र निर्माण फैक्टरी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे।
ओडिशा में आरबीआई के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन प्रधानमंत्री के दौरे का प्रमुख कार्यक्रम होगा। वहीं, सुदर्शन पटनायक की रेत कलाकृति ने इस दौरे से पहले पुरी के समुद्र तट को विशेष आकर्षण दिया है।



