अपराधउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या

चैट से पता चला कि तालिब ने अमन को दूर रहने की चेतावनी दी थी।

मेरठ। मेरठ में एक और पति की हत्या कर दी गई। महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। मामला थाना लोहियानगर क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी का है। जहां एक युवक तालिब की 26 दिन पूर्व हत्या हो गई थी। लेकिन तालिब की हत्या को हार्ट अटैक का मामला बताया गया। तालिब की हत्याकांड में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के 26 दिन बाद पुलिस ने जाकिर कॉलोनी निवासी हत्यारोपी अमन को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी हत्या के बाद से गाजियाबाद में रिश्तेदारों के घर छिपा था। तालिब हत्याकांड मामले में पुलिस मृतक की पत्नी इलमा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
राजमिस्त्री का काम करता था मृतक तालिब
मृतक तालिब अपनी पत्नी इलमा के साथ जाकिर कॉलोनी में एक किराए के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। तालिब मूल रूप से रसूलपुर भदेड़ी, बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर का रहने वाला था। उसकी इलमा से शादी चार साल पहले हुई थी। बताया जाता है कि इलमा का प्रेम प्रसंग इसी बीच अमन से हो गया। तालिब को जब पत्नी के प्रेम प्रसंग की भनक लगी तो उसने अमन को अपनी पत्नी से बात करने से मना किया।
इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब की गला दबाकर हत्या
आरोप है कि इस वजह से 28 सितंबर की रात इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब की गला दबाकर हत्या कर दी। तालिब की हत्या के बाद इलमा ने परिजनों को गुमराह करने के लिए पति की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। इलमा के झांसे में आकर परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए तालिब के शव को गांव में दफना दिया था। तालिब के ममेरे भाई रईस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद 14 अक्तूबर को डीएम के आदेश पर तालिब का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। जिसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तालिब की पत्नी इलमा को गिरफ्तार कर लिया था।
मोबाइल चैट से खुला हत्या का राज
तालिब की मौत का खुलासा उसके मोबाइल फोन से हुआ। जिसमें 30 सितंबर को इलमा ससुराल से वापस जाकिर कॉलोनी आई, तो अगले दिन एक अक्तूबर को तालिब का ममेरा भाई रईस भी वहां पहुंचा। इलमा ने तालिब का मोबाइल देने से इनकार किया, जिससे रईस को शक हुआ। घर से मोबाइल बरामद कर जांच की गई तो उसमें अमन और इलमा के बीच बातचीत की चैट मिली।
चैट से पता चला कि तालिब ने अमन को दूर रहने की चेतावनी दी थी। इस सबूत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।

Related Articles

Back to top button