मेरठ। मेरठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी है। थाना भावनपुर पुलिस,थाना इंचौली एवं स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस दल पर फायरिंग करने वाले अवैध शस्त्र निर्माण/सप्लाई गिरोह के पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं। जिनके पास से 6 निर्मित तमंचे, 11 अर्धनिर्मित तमंचे, जिंदा कारतूस तथा भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण व कच्चा माल बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं सीओ सदर देहात के पर्यवेक्षण में थाना भावनपुर पुलिस ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की।

बक्सर मोड पर कर रहे थे अवैध तमंचों की खरीद फरोख्त
पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि लू-बक्सर मोड़ से थोड़ा आगे दो व्यक्ति अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ने का प्रयास किया गया तो दोनों द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से तमंचों से फायरिंग की गयी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गये। पुलिस टीम द्वारा दोनों को पुनः फायरिंग का मौका दिये बिना घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए गिरफ्तार किया।
इंचौली क्षेत्र में दी तमंचों के निर्माण की जानकारी
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में अवैध शस्त्रों के निर्माण एवं सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा आशियाना कॉलोनी, थाना इंचौली क्षेत्र में अवैध तमंचों के निर्माण की जानकारी दी। सूचना के आधार पर थाना भावनपुर पुलिस, थाना इंचौली पुलिस एवं स्वाट टीम देहात द्वारा संयुक्त रूप से आशियाना कॉलोनी स्थित एक मकान पर दबिश देकर वहां चल रही अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

घटना एवं पुलिस कार्यवाही का विवरण
लू-बक्सर मोड़ के पास गिरफ्तार प्रथम अभियुक्त ने अपना नाम सलीमुद्दीन पुत्र रज्जाक बताया जिसके कब्जे से अवैध तमंचा, नाल में फंसा खोखा कारतूस एवं जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दूसरे अभियुक्त ने अपना नाम संतरपाल पुत्र बोदल सिंह बताया। जिसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, नाल में फंसा 01 खोखा कारतूस एवं 01 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ।
मकान में दी गई दबिश
अभियुक्तों से प्राप्त उक्त जानकारी के आधार पर अवैध शस्त्र बनाने वाले व्यक्तियों की गिरफ्तारी एवं अवैध शस्त्रों की बरामदगी हेतु थाना भावनपुर एवं थाना इंचौली पुलिस मय स्वाट टीम देहात द्वारा आशियाना कॉलोनी, थाना इंचौली क्षेत्र में दबिश दी गयी। अभियुक्त संतरपाल की निशानदेही पर पुलिस टीम एक मकान पर पहुंची, जहां मकान के पिछले कमरे में अवैध शस्त्र निर्माण का कार्य किया जा रहा था।
इनको किया पुलिस ने गिरफ्तार
पुलिस टीम द्वारा मौके से मेहराजुद्दीन पुत्र मुंशी, सारून पुत्र इशाक एवं राशिद पुत्र मेहराजुद्दीन* को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अवैध शस्त्रों के निर्माण एवं बिक्री के कार्य में संलिप्त हैं तथा संगठित रूप से अवैध शस्त्र तैयार कर आर्थिक लाभ हेतु उनकी बिक्री करते हैं। गिरफ्तार अभियुक्तगण का नाम सलीमुद्दीन पुत्र रज्जाक नि0अहमदनगर बड़ला थाना किला परीक्षितगढ़,जनपद मेरठ (उम्र 50 वर्ष)। संतरपाल पुत्र बोदल सिंह निवासी ग्राम मुबारिकपुर थाना भावनपुर, जनपद मेरठ (उम्र- 55 वर्ष)। मेहराजुद्दीन पुत्र मुंशी निवासी ग्राम अहमदनगर बड़ला थाना किला परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ, हाल निवासी आशियाना कॉलोनी, थाना इंचौली, जनपद मेरठ (उम्र- 50 वर्ष)। सारून पुत्र इशाक निवासी ग्राम जई थाना भावनपुर, जनपद मेरठ (उम्र- 55 वर्ष) और राशिद पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी ग्राम अहमदनगर बड़ला थाना किला परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ, हाल निवासी आशियाना कॉलोनी, उर्स मैदान के पास थाना इंचौली, जनपद मेरठ हैं।

लिसाड़ी गेट और लोहिया नगर अवैध हथियारों का गढ
मेरठ में थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र और लोहिया नगर अवैध हथियारों का गढ़ बना हुआ है। अप्रैल से लेकर अक्टूबर तक इन दोनों थाना क्षेत्रों में अब तक चार हथियार फैक्टरी पकड़ी जा चुकी हैं। इससे पहले जुलाई 2026 में थाना लिसाड़ी गेट पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान छह लोग गिरफ्तार हुए थे। अगस्त 2026 में थाना पुलिस ने हथियार तस्कर तजमुल को गिरफ्तार कर उसकी सूचना पर किराए के मकान में अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित पाई गई थी। पुलिस को मौके से 21 अवैध तमंचे बरामद हुए थे। अप्रैल 2026 में थाना लोहिया नगर पुलिस ने गांव अलीपुर में एक घर के तहखाने में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा किया था। मौके से 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए थे।



