
रोहतक: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के साथ मजाक है और इसका सबसे ज्यादा नुकसान हरियाणा को उठाना पड़ा है। हुड्डा के मुताबिक, प्रदेश के युवा बड़ी संख्या में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करते रहे हैं, ऐसे में इस योजना का असर हरियाणा के युवाओं पर अधिक पड़ा है।
हरियाणा के गठन के 60 साल पूरे होने पर हुड्डा ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन छह दशकों में राज्य ने विकास और तरक्की के कई मुकाम हासिल किए हैं। हालांकि, मौजूदा सरकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा विकास के बजाय कर्ज के मामले में आगे बढ़ रहा है।
अग्निवीर योजना पर केंद्र सरकार को घेरा
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं की सेना में भर्ती होने की लंबी परंपरा रही है। बड़ी संख्या में युवा सैन्य सेवाओं में शामिल होकर देश की रक्षा करते आए हैं। ऐसे में अग्निवीर योजना से प्रदेश को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया।
कानून व्यवस्था पर अमित शाह से पूछे सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे को लेकर भी हुड्डा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री होने के नाते अमित शाह को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चर्चा करनी चाहिए थी। हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में 60 से अधिक गैंग सक्रिय हैं और लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।
भाजपा के प्रदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष पर भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के बाहर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन पर हुड्डा ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में कितने लोग शामिल हुए, यह सभी ने देखा, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरियाणा सरकार की कोई उपलब्धि नहीं गिना पाए।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष के दौरे के दौरान बाजार बंद करवाए गए और अस्पताल जाने वाले रास्ते सील कर दिए गए। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली निजीकरण और प्रदूषण पर भी रखी बात
बिजली के निजीकरण के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि नूंह और गुरुग्राम में बिजली का निजीकरण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने इस मामले में अपना विरोध स्पष्ट किया।
प्रदेश में बढ़ते वायु प्रदूषण पर उन्होंने पराली जलाने के लिए किसानों को जिम्मेदार ठहराए जाने को निराधार बताया। हुड्डा ने सरकार से प्रदूषण कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि प्रदूषण से निपटने के लिए कृत्रिम बारिश कराने की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।



