उत्तर प्रदेशराज्य

फिरोजाबाद गैंगरेप पीड़िता की 6 दिन बाद मौत, प्रेमी और उसके दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप; हमले में गई जान

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सामूहिक दुष्कर्म और जानलेवा हमले का शिकार हुई 17 वर्षीय किशोरी की छह दिन बाद मौत हो गई। गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी ने शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने हंगामा करने की कोशिश की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और इसके बाद किशोरी का अंतिम संस्कार कराया गया।

यह घटना खैरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की है। जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी 31 अक्टूबर की रात खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान सकटू गांव निवासी इनाम सिंह का बेटा ऋषि अपने दोस्त शिवांशु उर्फ आशिक के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर ईंट तथा लात-घूंसों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

प्रेमी के बाद दोस्त पर भी दुष्कर्म का आरोप

पुलिस के मुताबिक, किशोरी के साथ पहले उसके प्रेमी ऋषि ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दोस्त शिवांशु ने भी जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान ऋषि का बड़ा भाई जगत भी मौके पर मौजूद था। किशोरी के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर ईंट और लात-घूंसों से हमला किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

एक नवंबर की सुबह किशोरी सब्जी के खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। उसे तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी में इलाज कर रही थी, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ के बाद प्रेमी और उसका भाई गिरफ्तार

पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए एक नवंबर की देर रात ऋषि और उसके भाई जगत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को जेल भेज दिया गया। इसके अगले दिन पुलिस ने ऋषि के दोस्त शिवांशु को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में तीनों आरोपी जेल में हैं।

पोस्टमार्टम के बाद गांव में पुलिस बल तैनात

किशोरी की मौत के बाद आगरा में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। सूचना मिलने पर एएसपी जयबिंद गुप्ता और शिकोहाबाद के एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। भीम आर्मी के पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए और हंगामा करने की कोशिश की। अधिकारियों ने बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में किशोरी का अंतिम संस्कार कराया गया। एएसपी ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Related Articles

Back to top button