उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार, पत्नी की शिकायत पर दर्ज है उत्पीड़न और साजिश का मामला

देहरादून: उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से पकड़ा। पत्नी की शिकायत पर गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कई जगह दबिश देने के बावजूद पुलिस को उनका पता नहीं चल पा रहा था। अब गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

15 अक्टूबर को रेखा आर्य ने दर्ज कराई थी एफआईआर

दरअसल, उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने पति पर उत्पीड़न, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया था।

अग्रिम जमानत और एफआईआर रद्द कराने की याचिका खारिज

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस गिरधारी लाल साहू की तलाश कर रही थी। उनकी गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। इस बीच गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत से अग्रिम जमानत मांगी थी, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई।

इसके बाद 4 नवंबर को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने प्राथमिकी निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली उनकी याचिका भी खारिज कर दी थी। अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद पुलिस की तलाश जारी रही और आखिरकार उन्हें झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरधारी लाल साहू ने भी लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप

इस विवाद में गिरधारी लाल साहू ने भी अपनी पत्नी रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जाने के कारण मामला लगातार सुर्खियों में रहा। हालांकि, लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। अब पुलिस की जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button