अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश के मदरसे में आग के बाद दम घुटने से 79 छात्र बीमार, 63 अस्पताल में भर्ती; चार ICU में, एक वेंटिलेटर पर

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास नारायणगंज स्थित एक मदरसे में आग लगने के बाद फैले धुएं की चपेट में आकर 79 छात्र बीमार हो गए। इनमें चार छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा है। घटना के बाद मदरसे में अफरा-तफरी मच गई। सांस लेने में परेशानी होने पर छात्रों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी आग

रिपोर्ट के मुताबिक, आग जामिया अशरफिया मदरसे की पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। अग्निशमन विभाग के ड्यूटी अधिकारी शाहजहां ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।

आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया। मदरसे में रह रहे सैकड़ों छात्रों के बीच चीख-पुकार मच गई। धुएं से बचने के लिए बाहर निकलने की कोशिश में कई छात्रों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई।

63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

बीमार छात्रों को ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टर सुल्तान महमूद शिकदर के मुताबिक, कुल 79 छात्रों को इलाज के लिए लाया गया था। इनमें से 63 छात्रों को अस्पताल में भर्ती किया गया या आपातकालीन निगरानी में रखा गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद 16 को छुट्टी दे दी गई।

डॉक्टर शिकदर ने बताया कि 14 से 22 वर्ष की उम्र के चार छात्रों को आईसीयू में रखा गया है। इनमें एक छात्र की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

धुएं के कारण फेफड़ों पर पड़ा असर

डॉक्टरों के मुताबिक, राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र के शरीर पर जलने के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, आग से निकला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचने के कारण कई छात्रों को सांस संबंधी परेशानी हुई है।

चिकित्सकों का कहना है कि गंभीर रूप से प्रभावित छात्रों की स्थिति का सही आकलन करने में कम से कम 72 घंटे लग सकते हैं। इस दौरान उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button