उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

बाल दिवस पर ‘90 दशक के रोमांटिक मेलोडीज’ संगीत समारोह का आयोजन

लखनऊ : बाल दिवस के अवसर पर 14 नवम्बर, शनिवार को लखनऊ में पुराने सदाबहार हिन्दी फिल्मी गीतों पर आधारित एक विशेष संगीत समारोह “90- दशक रोमांटिक मेलोडीज” का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ संगीत कलाकार एवं संगीत-प्रेमी रवि अग्रवाल द्वारा किया जा रहा है, जो स्वयं पुराने हिन्दी फिल्मी संगीत के कलाकार रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को संगीत एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के प्रदर्शन के लिए एक मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ 90 के दशक के सदाबहार एवं रोमांटिक संगीत की स्वर्णिम यादों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस अवसर पर बच्चों के लिए विशेष रूप से प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में बच्चों के लिए किड्स स्पेशल सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसके पश्चात 90 के दशक के लोकप्रिय गीतों पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति होगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. भरत राज सिंह, महानिदेशक, स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ एवं पूर्व प्रबंध निदेशक, राजकीय निर्माण निगम तथा बाबिता साहू, आईपीएस, पूर्व कमांडेंट, पीएसी, सीतापुर की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक उर्दू अकादमी ऑडिटोरियम, विभूति खण्ड, गोमती नगर में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने संगीत, कला एवं संस्कृति के प्रेमियों, अभिभावकों तथा विशेष रूप से बच्चों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं, बच्चों का उत्साहवर्धन करें तथा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करें।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं
बाल दिवस विशेष आयोजन
बच्चों के लिए प्रतियोगिता एवं पुरस्कार
किड्स स्पेशल कार्यक्रम सायं 4:00 से 5:00 बजे तक
रोमांटिक मेलोडीज of 90s – सायं 5:00 से 7:00 बजे तक
90 के दशक के लोकप्रिय एवं सदाबहार गीतों की संगीतमय प्रस्तुति

Related Articles

Back to top button