राज्यहरियाणा

कैथल में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

कैथल: हरियाणा के कैथल में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पाई और सिसमोर गांव के बीच नहर की पुलिया से एक ऑल्टो कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर गांव करोड़ा पहुंचते ही मातम छा गया।

मृतकों की पहचान गांव करोड़ा निवासी 19 वर्षीय नवदीप पुत्र बलबीर, 27 वर्षीय प्रदीप पुत्र कर्मबीर और 22 वर्षीय अजय पुत्र सत्यवान के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से संबंध रखते थे।

धान झाड़ने के बाद कार से लौट रहे थे सात युवक

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात सातों युवक परिवार के एक सदस्य के खेत में धान झाड़ने के लिए गए थे। काम पूरा करने के बाद शनिवार तड़के करीब 2 बजे सभी ऑल्टो कार से कैथल लौट रहे थे। कार नरेंद्र चला रहा था।

जब कार पाई और सिसमोर गांव के बीच नहर के पास पहुंची, तो सामने से एक अन्य वाहन आ रहा था। बताया जा रहा है कि उस वाहन की तेज रोशनी कार चालक की आंखों में पड़ी, जिससे उसे आगे का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से टकरा गई।

तीन युवकों की मौत, तीन अस्पताल में भर्ती

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने नवदीप, प्रदीप और अजय को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल तीन युवकों की पहचान शाहिल, अर्जुन और नरेंद्र के रूप में हुई है। शाहिल की जांघ की हड्डी टूट गई है। उसे कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अर्जुन की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है और उसका नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, कार चला रहे नरेंद्र के मुंह और बाजू में चोटें आई हैं।

सात साल पहले हुई थी प्रदीप की शादी, पीछे छोड़ गया दो बच्चे

हादसे में जान गंवाने वाले 27 वर्षीय प्रदीप की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पिता की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

वहीं, 19 वर्षीय नवदीप और 22 वर्षीय अजय अविवाहित थे। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव में पसरा मातम, घरों में जुटने लगे लोग

शनिवार सुबह हादसे की खबर गांव करोड़ा पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत और तीन अन्य के घायल होने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button