
रांची: झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। लड़की ने आरोप लगाया है कि विधायक ने पांच अगस्त को अपने सरकारी आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई थी। पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में दाखिले का वादा कर रांची लाने का आरोप
सिमडेगा जिले की रहने वाली लड़की ने धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसे मई में स्कूल में दाखिला दिलाने का वादा करके रांची लाया गया था। हालांकि, यहां पढ़ाई की व्यवस्था करने के बजाय उससे विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम कराया जाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, पांच अगस्त को विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह गर्भवती हो गई। लड़की ने बताया कि बाद में चिकित्सकीय जांच के दौरान उसे गर्भपात होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने पॉक्सो और किशोर न्याय अधिनियम में दर्ज किया केस
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सिमडेगा विधानसभा सीट से विधायक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उसका बयान भी दर्ज करेगी।
विधायक ने आरोपों को बताया झूठा
दो बार के विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने इन्हें पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया। विधायक का दावा है कि कांग्रेस से निष्कासित कुछ लोगों ने उन्हें निशाना बनाने के लिए यह मामला गढ़ा है।
बाड़ा ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर कथित घटना पांच अगस्त को हुई थी, तो लड़की ने तुरंत शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई।
भाजपा ने की विधायक की गिरफ्तारी की मांग
मामले को लेकर भाजपा ने भी राज्य सरकार और कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
आदित्य साहू ने प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों को गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धुर्वा थाने का घेराव करेंगे।



