कराची बंदरगाह पर फंसे 6 भारतीय नाविकों की होगी वतन वापसी? भारत ने पाकिस्तान से मांगी राजनयिक मदद

नई दिल्ली: पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पिछले कई महीनों से फंसे छह भारतीय नाविकों की वापसी को लेकर भारत ने पहल की है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि भारत ने इस मामले में पाकिस्तानी पक्ष से राजनयिक सहायता का अनुरोध किया है। फंसे लोगों में मर्चेंट नेवी का एक अधिकारी और एक जहाज के चालक दल के पांच सदस्य शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन में इस मामले से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भारत वहां मौजूद नाविकों के लगातार संपर्क में है। उनके नियोक्ता यानी पोत परिवहन कंपनी और एजेंट से भी बातचीत की जा रही है, ताकि इस मामले का समाधान निकाला जा सके।
जायसवाल ने कहा कि भारत ने पाकिस्तानी पक्ष से राजनयिक सहायता भी मांगी है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह मामला मूल रूप से पोत परिवहन कंपनी और उसके कर्मचारियों के बीच का है और इसे एक व्यावसायिक मुद्दा माना जा रहा है।
कई महीनों से घर लौटने का इंतजार कर रहे नाविक
बताया जा रहा है कि भारतीय मर्चेंट नेवी का एक अधिकारी और जहाज के चालक दल के पांच सदस्य कराची बंदरगाह पर कथित तौर पर फंसे हुए हैं। उनके परिवार के सदस्य पिछले कई महीनों से अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील कर रहे हैं। भारत सरकार अब पोत परिवहन कंपनी, उसके एजेंट और पाकिस्तानी पक्ष के साथ बातचीत के जरिए इस मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है।



