बेंगलुरु को ₹15 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, PM मोदी बोले- मेट्रो नेटवर्क 100 KM के पार

बेंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का संबंध मुख्य रूप से कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि नई योजनाएं कर्नाटक के बुनियादी ढांचे को मजबूती देंगी और बेंगलुरु की टेक सिटी के रूप में पहचान को और मजबूत करेंगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ मंच साझा करने का यह उनका पहला अवसर है। सुधा यादव और उनके परिवार के जीवन से देशसेवा और समर्पण की भावना को समझा जा सकता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि कारगिल युद्ध में उनके पति ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके बाद भी उन्होंने देशसेवा का संकल्प जारी रखा और अपने पति की स्मृति में सेवाभाव से काम करती रहीं। संसद में भी उन्होंने कई विषयों पर मार्गदर्शन दिया है। मोदी ने कर्नाटक के लोगों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए उनके योगदान की सराहना की।
कर्नाटक की विकास यात्रा को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु की अधिष्ठात्री देवी को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन कर्नाटक की विकास यात्रा को नई गति देने वाला है। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को नई ताकत देंगी।
मोदी के मुताबिक, किसी भी देश की तरक्की में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की अहम भूमिका होती है। अच्छी कनेक्टिविटी से रोजगार, उद्योग और विकास के नए अवसर पैदा होते हैं। जब इन अवसरों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है। उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं।
बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क 100 किलोमीटर के पार
प्रधानमंत्री ने नम्मा मेट्रो के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर मेट्रो नेटवर्क को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश का मेट्रो नेटवर्क केवल 14 किलोमीटर तक सीमित था, जबकि अब यह 100 किलोमीटर से अधिक हो चुका है।
मोदी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद बेंगलुरु देश का तीसरा शहरी क्षेत्र बन गया है, जहां मेट्रो नेटवर्क ने 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार किया है। उनके अनुसार, यह बदलाव लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाने और जीवन स्तर बेहतर करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का नतीजा है।
वंदे भारत ट्रेन से कर्नाटक को गोवा से जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और अब राज्य को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिली है। इससे कर्नाटक, मेंगलुरु और पूरे तटीय मार्ग के यात्रियों को सेमी हाईस्पीड ट्रेन से सफर करने का नया अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ ऊर्जा सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। ईरान और खाड़ी देशों के आसपास चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे ऊर्जा सुरक्षा की अहमियत सामने आई है और भारत के लिए भी यह चुनौतीपूर्ण समय रहा है।
ऊर्जा सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों से देश को मौजूदा संकट का सामना करने में मदद मिली। इस दौरान पेट्रोल, डीजल और एलपीजी उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कच्चे तेल के भंडारण की व्यवस्था विकसित करने और सौर, जल तथा पवन ऊर्जा का विस्तार करने पर काम किया गया। इसके अलावा रेलवे का लगभग शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया गया और मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाया गया।
मोदी ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा का एक अहम पहलू बिजली उत्पादन है। भारत सौर ऊर्जा समेत नए ऊर्जा समाधानों की तकनीक में अग्रणी बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 मेगावाट का आंकड़ा पार कर चुकी है।
बिजली उपभोक्ता ही नहीं, उत्पादक भी बन रहे नागरिक
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के चलते अब नागरिक केवल बिजली के उपभोक्ता नहीं रह गए हैं, बल्कि बिजली उत्पादन में भी भागीदारी कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े और उसकी क्रय क्षमता मजबूत हो। इससे लोग अपने परिवार के सपने पूरे करने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी योगदान दे सकेंगे।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में शुरू की गई नई परियोजनाओं के लिए लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं विकसित कर्नाटक के साथ विकसित भारत के निर्माण को भी गति देंगी।



