पंजाबराजनीतिहरियाणा

‘चुटकुलों से सिनेमाघर चल सकते हैं, सरकार नहीं’, नायब सिंह सैनी का पंजाब की AAP सरकार पर तीखा हमला

जालंधर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘चुटकुलों की सरकार’ करार दिया। शुक्रवार को जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब समझने लगी है कि चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं चलाई जा सकती। उन्होंने पंजाब के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनाने की अपील की।

‘भाजपा की सरकार बनी तो नशा कारोबारियों को छोड़ना होगा पंजाब’

नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरवरी में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद यदि भाजपा की सरकार बनती है, तो नशे का कारोबार करने वालों को या तो यह धंधा छोड़ना पड़ेगा या फिर प्रदेश से बाहर जाना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में नशे के सौदागरों को पनपने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले छह महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इसके उलट नशे की समस्या लगातार बढ़ती गई और युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आती चली गई। सैनी के मुताबिक, राज्य सरकार के पास नशे के खिलाफ न तो प्रभावी नीति है और न ही इसे खत्म करने की इच्छाशक्ति।

नौकरी के वादे को लेकर भी AAP को घेरा

मुख्यमंत्री सैनी ने आम आदमी पार्टी पर युवाओं से किए गए रोजगार के वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में 60 हजार नौकरियां देने की बात करते हैं।

सैनी ने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रभावशाली लोगों के बच्चों को इसका लाभ मिला, जबकि मेहनती और गरीब युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस झूठे वादों के सहारे वोट हासिल करने की राजनीति करती हैं।

अमित शाह के नशामुक्त भारत के संकल्प का किया जिक्र

नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति तैयार की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बड़े संकल्पों को पूरा करने की क्षमता भाजपा सरकार में ही है।

मोहल्ला क्लीनिक और आयुष्मान योजना पर उठाए सवाल

पंजाब की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सैनी ने राज्य सरकार से सवाल किए। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि प्रदेश में कितने मोहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं, वहां कितने लोगों को मुफ्त इलाज मिला है और मरीजों को कौन-कौन सी सुविधाएं दी जा रही हैं।

इसके मुकाबले उन्होंने हरियाणा की आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख किया। सैनी के अनुसार, हरियाणा की करीब तीन करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इन कार्डों के जरिए हर साल पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 40 लाख लोग इस योजना के तहत मुफ्त उपचार करा चुके हैं, जिस पर केंद्र और राज्य सरकार ने छह हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

कानून-व्यवस्था और किसानों की MSP पर भी किया दावा

पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने मान सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में अमन-चैन कायम किया जाएगा और हरियाणा की नीतियों को लागू किया जाएगा।

सैनी ने दावा किया कि हरियाणा में किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। उनके मुताबिक, हरियाणा में दो लाख मेहनती और योग्य युवाओं को रोजगार मिला है, जबकि पंजाब में ज्यादातर भर्तियां अदालतों में लंबित मामलों में फंसी हुई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कभी विकास के मामले में अग्रणी रहा पंजाब अब राज्य सरकार की गलतियों के कारण पिछड़ गया है। सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता को तय करना है कि वह गुमराह करने वाली राजनीति के साथ जाएगी या विकास के लिए भाजपा को मौका देगी।

जनसभा में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, अरुण वालिया, देवेंद्र वालिया, सुशील रिंकू, जिला अध्यक्ष अशोक सरीन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश ढल्ल, एमडी प्रिंस चोपड़ा, पार्षद रवि कुमारी, गुरप्रीत विक्की और बबलू पंडित सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button