उत्तर प्रदेशराजनीति

‘शिक्षा का मंदिर मुसलमान ने बना दिया, यही गलती हो गई’, आजम खान का तंज; ED पूछताछ के लिए लखनऊ रवाना

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को गुरुवार रात गाजियाबाद की डासना जेल से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम लखनऊ लेकर रवाना हुई। मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े धनशोधन मामले में अदालत ने ईडी को उनकी चार दिन की हिरासत दी है। 16 नवंबर तक उनसे पूछताछ की जाएगी। ईडी की हिरासत में मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को पढ़ाने और शिक्षा का मंदिर बनाने का गुनाह किया है। उनका यह बयान सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

‘बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया’, आजम खान ने कसा तंज

गुरुवार रात करीब 8:30 बजे ईडी की टीम सुरक्षा व्यवस्था के बीच आजम खान को डासना जेल से अपने साथ लेकर निकली। उनके साथ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान भी मौजूद रहे। शुक्रवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद ईडी की टीम उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय ले जाने के लिए रवाना हुई।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए आजम खान ने कहा, “बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया है। यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए। शिक्षा का मंदिर एक मुसलमान ने बना दिया, यही गलती हो गई।”

आजम खान की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब ईडी उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, वित्तीय लेन-देन और सरकारी संसाधनों के कथित इस्तेमाल को लेकर सवाल-जवाब करने वाली है। एजेंसी पूछताछ के दौरान उनके सामने संबंधित दस्तावेज और जांच में जुटाए गए साक्ष्य भी रख सकती है।

अखिलेश यादव ने आजम खान की सुरक्षा पर जताई चिंता

आजम खान को डासना जेल से बाहर ले जाए जाने के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि प्रशासन आजम खान को डासना जेल से किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रहा है।

अखिलेश यादव ने प्रशासन से अपील की कि आजम खान के स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।

क्या है जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ा धनशोधन मामला?

आजम खान ने रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी। वह इससे जुड़े जौहर ट्रस्ट के संस्थापक भी हैं। प्रवर्तन निदेशालय इस विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी धन और संसाधनों के कथित इस्तेमाल की जांच कर रहा है।

ईडी का आरोप है कि सरकारी कामों के लिए आवंटित धन और निर्माण सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी बनाने में किया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, सरकारी ठेके हासिल करने वाले कुछ ठेकेदारों ने जौहर ट्रस्ट को चंदे के रूप में रकम दी थी। अब एजेंसी इन पैसों के स्रोत और उनके इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

जांच के तहत ईडी ने 28 अक्टूबर को यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। एजेंसी ने इन संपत्तियों का मूल्य 426.46 करोड़ रुपये बताया था, जबकि उनका मौजूदा बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपये आंका गया है। ईडी का दावा है कि संपत्तियों पर किए गए खर्च के कुछ हिस्से के वैध स्रोत का पता नहीं चल पाया है।

इस मामले की जांच रामपुर में दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीन जबरन ली गई और उन पर दबाव बनाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। इन्हीं शिकायतों के आधार पर ईडी ने धनशोधन के आरोपों की जांच शुरू की।

जेल से रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने किया था गिरफ्तार

आजम खान 31 अक्टूबर को करीब 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए थे। उन्हें अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिली थी। हालांकि, जेल से रिहा होने के तुरंत बाद ईडी ने उन्हें धनशोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था।

अब अदालत से चार दिन की हिरासत मिलने के बाद ईडी उनसे जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण, जौहर ट्रस्ट के बैंक खातों और सरकारी धन व संसाधनों के कथित इस्तेमाल से जुड़े सवाल पूछेगी। 16 नवंबर तक चलने वाली इस पूछताछ में जांच एजेंसी का पूरा ध्यान वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के स्रोत का पता लगाने पर रहेगा।

Related Articles

Back to top button