मध्य प्रदेशराज्य

रसगुल्ला समझकर युवक ने मुंह में रखा सुअरमार बम, चबाते ही हुआ जोरदार धमाका, दर्दनाक मौत

डिंडौरी: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक हैरान करने वाली घटना में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई। आरोप है कि उसके दोस्त ने उसे सुअरमार बम को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। मिठाई समझकर युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में उसका जबड़ा और मुंह का अंदरूनी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

आग तापते समय दोस्त ने दिया विस्फोटक

पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक राजेंद्र ने उस शाम परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह घर के आंगन में आग तापने के लिए बैठ गया। इसी दौरान गांव में रहने वाला उसका दोस्त रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठ गया।

दोनों के बीच सामान्य बातचीत चल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि रामभगत ने राजेंद्र को एक सुअरमार बम दिया और उसे रसगुल्ला बताया। दोस्त की बात पर भरोसा करके राजेंद्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि राजेंद्र का चेहरा और जबड़ा बुरी तरह जख्मी हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी पर मामला दर्ज

धमाके की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राजेंद्र को तत्काल अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डिंडौरी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक, पुलिस ने रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की भूमिका और घटना के पीछे की वजह की जांच कर रही है।

सुअरमार बम कहां से आया, पुलिस जुटा रही जानकारी

घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी के पास सुअरमार बम कहां से आया और उसने राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर विस्फोटक क्यों दिया। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि दोनों के बीच किसी तरह का विवाद या पुरानी रंजिश तो नहीं थी।

गांव के लोग इस घटना से सकते में हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विस्फोटक के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

क्या होता है सुअरमार बम?

सुअरमार बम एक देसी विस्फोटक उपकरण होता है, जिसका इस्तेमाल जंगली सूअरों को मारने के लिए किया जाता है। इसे बारूद और पोटाश जैसे पदार्थों की मदद से तैयार किया जाता है। इस तरह के विस्फोटक बेहद खतरनाक होते हैं और इनमें छेड़छाड़ या दबाव पड़ने से धमाका हो सकता है। कई मामलों में इनका इस्तेमाल अवैध शिकार के लिए भी किया जाता है।

Related Articles

Back to top button