बस हादसे में जान गंवाने वाले IT प्रोफेशनल के परिवार को ₹3.20 करोड़ मुआवजा, बीमा कंपनी की हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग वाली दलील कोर्ट ने की खारिज

इंदौर: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आईटी प्रोफेशनल शक्तिसिंह चौहान के परिवार को न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। छठे जिला एवं सत्र न्यायालय ने उनकी पत्नी, दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के लिए 3 करोड़ 20 लाख 60 हजार 582 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। इसके साथ ही 10 जनवरी 2025 से मुआवजे की राशि का भुगतान होने तक 6 प्रतिशत सालाना ब्याज भी देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुआवजे से बचने के लिए बीमा कंपनी ने दलील दी थी कि दुर्घटना के समय शक्तिसिंह ने हेलमेट नहीं पहना था और उनकी मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। हालांकि, न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बीमा कंपनी की इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने माना कि हादसा बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ था। मृतक की ओर से किसी तरह की लापरवाही या दुर्घटना में योगदान साबित नहीं हुआ।
बस की टक्कर से हुआ था हादसा
यह दुर्घटना 29 दिसंबर 2024 को शाम करीब 4 से 4:45 बजे के बीच इंदौर के राऊ क्षेत्र में एमराल्ड स्कूल के पास हुई थी। शक्तिसिंह चौहान अपनी मोटरसाइकिल से अनिरुद्ध और आशीष के साथ इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में शक्तिसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार ने मुआवजे के लिए न्यायालय का रुख किया था।
अदालत ने बस चालक की लापरवाही को माना हादसे की वजह
मामले की सुनवाई के बाद न्यायाधीश अयाज मोहम्मद ने अपने आदेश में कहा कि दुर्घटना बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई। अदालत के अनुसार, मृतक की तरफ से ऐसी कोई लापरवाही साबित नहीं हुई, जिसके आधार पर मुआवजे में कटौती की जा सके।
परिवार की ओर से अधिवक्ता राजेश खंडेलवाल ने मामले में पैरवी की। न्यायालय के आदेश से मृतक की पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हुआ है।



