मध्य प्रदेशराज्य

MP में अमूल दूध के दाम बढ़े, गोल्ड अब 74 रुपये लीटर; ताजा समेत सभी प्रमुख वेरिएंट महंगे, नई कीमतें लागू

भोपाल: मध्य प्रदेश में अमूल दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। कंपनी ने दूध के अलग-अलग वेरिएंट के दामों में 1 से 4 रुपये प्रति पैकेट तक की बढ़ोतरी की है। नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो गई हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी अमूल गोल्ड के एक लीटर पैकेट में हुई है, जिसकी कीमत 70 रुपये से बढ़ाकर 74 रुपये कर दी गई है। वहीं, अमूल ताजा का एक लीटर पैकेट अब 57 की जगह 59 रुपये में मिलेगा।

आधा लीटर दूध के पैकेट भी हुए महंगे

अमूल ने आधा लीटर और एक लीटर, दोनों पैक के दाम बढ़ाए हैं। नई दरों के मुताबिक, अमूल ताजा के 500 एमएल पैकेट की कीमत 29 से बढ़ाकर 30 रुपये कर दी गई है। इसके एक लीटर पैकेट के लिए अब 59 रुपये देने होंगे।

इसी तरह अमूल गोल्ड का आधा लीटर पैकेट 35 से बढ़कर 37 रुपये का हो गया है। एक लीटर गोल्ड दूध की कीमत में 4 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह पैकेट 74 रुपये में मिलेगा।

दूध का प्रकारपुरानी कीमतनई कीमत
अमूल ताजा 500 एमएल₹29₹30
अमूल ताजा 1 लीटर₹57₹59
अमूल गोल्ड 500 एमएल₹35₹37
अमूल गोल्ड 1 लीटर₹70₹74

MP में रोजाना साढ़े चार लाख लीटर से ज्यादा अमूल दूध की बिक्री

मध्य प्रदेश में सांची के बाद अमूल दूध की खपत सबसे अधिक बताई जाती है। प्रदेश के अलग-अलग शहरों को मिलाकर रोजाना साढ़े चार लाख लीटर से ज्यादा अमूल दूध की बिक्री होती है। इसमें इंदौर सबसे बड़ा बाजार है, जहां प्रतिदिन करीब सवा लाख लीटर अमूल दूध बिकता है।

भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में भी रोजाना 50 से 80 हजार लीटर तक अमूल दूध की खपत है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर इन शहरों के उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ सकता है।

भोपाल में पैकेट से ज्यादा खुले दूध की खपत

भोपाल में पैक्ड दूध के मुकाबले खुले दूध की बिक्री अधिक होती है। शहर में रोजाना करीब 6 से 8 लाख लीटर खुले दूध की खपत बताई गई है। पैकेट वाले दूध के बाजार में सांची सबसे आगे है। इसकी औसत दैनिक बिक्री करीब 3 लाख लीटर है, जबकि अमूल की खपत लगभग 80 हजार लीटर प्रतिदिन बताई गई है।

इसके अलावा सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी के दूध की भी शहर में बिक्री होती है। सौरभ और श्रीधी की संयुक्त खपत करीब एक लाख लीटर प्रतिदिन है। इनकी आपूर्ति भोपाल शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी की जाती है। मदर डेयरी की खपत मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में है।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम, MP में अभी राहत

मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन मध्य प्रदेश में फिलहाल नई दरें लागू नहीं की गई हैं। प्रदेश में कंपनी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। भोपाल में इसकी खपत लगभग 25 हजार लीटर प्रतिदिन बताई गई है।

भोपाल के अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी दूध की आपूर्ति करती है। स्थानीय वितरकों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में कीमतों में बदलाव का फैसला सांची या स्थानीय दूध संघों की दरों में होने वाले बदलाव के आधार पर किया जाता है। फिलहाल यहां मदर डेयरी की पुरानी कीमतें ही लागू हैं।

फुल क्रीम, टोंड और डबल टोंड दूध में क्या अंतर है?

दूध के अलग-अलग वेरिएंट में मुख्य अंतर उनमें मौजूद वसा यानी फैट की मात्रा का होता है।

  • फुल क्रीम मिल्क में फैट कम से कम 6 प्रतिशत होता है। यह अपेक्षाकृत गाढ़ा होता है।
  • टोंड मिल्क में फैट की मात्रा घटाकर करीब 3 प्रतिशत रखी जाती है।
  • डबल टोंड मिल्क में फैट लगभग 1.5 प्रतिशत होता है।
  • बल्क टोंड मिल्क मदर डेयरी के वेंडिंग बूथ पर पाउच के बजाय सीधे उपलब्ध कराया जाने वाला टोंड दूध है।

Related Articles

Back to top button