मनोरंजन

करीना कपूर के कुरान की आयत वाले लॉकेट पर बढ़ा विवाद, हिंदू उत्सव समिति ने किया समर्थन, कहा- माफी मांगने की जरूरत नहीं

भोपाल: बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के एक पुराने शाही लॉकेट को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। दिवाली के दौरान साझा की गई तस्वीरों में उनके गले में नजर आए हरे पन्ने के लॉकेट पर कुरान की आयत लिखे होने की बात सामने आने के बाद मामला कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने अभिनेत्री को नोटिस भेजकर तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। इस बीच हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने करीना का समर्थन किया है। समिति का कहना है कि अभिनेत्री को माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है।

हिंदू उत्सव समिति ने कहा- पारिवारिक विरासत का हिस्सा है लॉकेट

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना कपूर का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें किसी से माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है। उनके मुताबिक, लॉकेट पहनने के लिए होता है और यदि उस पर कुरान की आयत लिखी है तो इसे पहनने में अपमान जैसी कोई बात नहीं है।

तिवारी ने यह भी कहा कि करीना कपूर भोपाल के पूर्व शाही परिवार की बहू हैं। ऐसे में ससुराल से जुड़ी पारिवारिक विरासत के आभूषण पहनना स्वाभाविक है। संस्कृति बचाओ मंच ने भी इस मामले में अभिनेत्री का समर्थन किया है।

करीब 200 साल पुराने लॉकेट से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला दिवाली के दौरान करीना कपूर की ओर से साझा की गई तस्वीरों के बाद चर्चा में आया। इन तस्वीरों में अभिनेत्री हरे रंग के बड़े पन्ने वाला लॉकेट पहने दिखाई दी थीं। सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इन तस्वीरों को साझा करते हुए बताया था कि करीना ने करीब 200 साल पुराना लॉकेट पहना है। इसे भोपाल के पूर्व शाही परिवार की विरासत का हिस्सा बताया गया था।

बाद में लॉकेट पर कुरान की आयत लिखे होने की बात सामने आई। इसी को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हफीज ने करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेज दिया।

क्या है अब्बास हफीज की आपत्ति?

अब्बास हफीज का कहना है कि उन्हें करीना के पारंपरिक आभूषण पहनने पर कोई आपत्ति नहीं है। उनका विरोध धार्मिक आयत को सोशल मीडिया पर प्रदर्शित किए जाने के तरीके को लेकर है। हफीज का दावा है कि इससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

नोटिस में उन्होंने करीना से संबंधित तस्वीरें और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा भविष्य में इस तरह धार्मिक आयत प्रदर्शित नहीं करने का आश्वासन देने की मांग की है।

वकील ने इस्लाम की धार्मिक परंपराओं का दिया हवाला

अब्बास हफीज के वकील मोहम्मद जफर ने भी इस मामले में अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि लॉकेट पर पवित्र कुरान की आयत लिखी हुई है। इस्लाम में धार्मिक ग्रंथ को छूने और पढ़ने से पहले पाक-साफ रहने से जुड़ी परंपराएं हैं। इसी आधार पर उन्होंने लॉकेट को लेकर धार्मिक भावनाओं से जुड़े सवाल उठाए हैं।

वहीं, अब्बास हफीज ने स्पष्ट किया है कि करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजने का फैसला उनका निजी है। इसका कांग्रेस पार्टी या उसकी विचारधारा से कोई संबंध नहीं है।

करीना कपूर की ओर से अब तक नहीं आया जवाब

इस पूरे विवाद पर फिलहाल करीना कपूर खान या उनकी टीम की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एक तरफ अब्बास हफीज ने तस्वीरें हटाने और माफी मांगने की मांग की है, तो दूसरी ओर हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच अभिनेत्री के समर्थन में उतर आए हैं। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि करीना कपूर या उनकी टीम इस कानूनी नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।

Related Articles

Back to top button