
तुलसीघाट पर उतरा वृंदावन, कालिया के दर्प का हुआ मर्दन
जब गंगा की लहरों पर उतर आया वृंदावन… और हम द्वापर के साक्षी बन गए, नाग नथैया की वह शाम, जब तुलसीघाट से नहीं, गंगा की मझधार में काशी नरेश के बजड़े के करीब से देखी कान्हा की जीवंत लीला; पांच शताब्दियों की परंपरा, आस्था का आवेग और कैमरे में कैद होते अलौकिक पल
–सुरेश गांधी
कुछ दृश्य आंखों से देखे जाते हैं, कुछ कैमरे में कैद होते हैं और कुछ ऐसे होते हैं, जो सीधे मन के भीतर उतरकर हमेशा के लिए स्मृतियों का हिस्सा बन जाते हैं। शुक्रवार की शाम काशी के तुलसीघाट पर नाग नथैया की लीला ऐसा ही एक अनुभव बन गई। सच कहूं तो इस बार नाग नथैया को केवल देखा नहीं, बल्कि जिया। हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा किनारे आस्था का अथाह सैलाब था, जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष थे, कदंब की डाल थी और कालिया नाग का विशाल फन। लेकिन इस बार अनुभव बिल्कुलअलग था। फर्क सिर्फ इतना था कि अब तक जिस लीला को तुलसीघाट के इस पार से निहारा था, इस बार उसी गंगा की मझधार में पहुंचकर उसके साक्षात रोमांच का हिस्सा बनने का अवसर मिला।
पत्रकारिता में वर्षों तक घटनाओं को कैमरे और शब्दों के जरिये दर्ज किया। अनेक पर्व, उत्सव, धार्मिक आयोजन और ऐतिहासिक क्षण देखे। लेकिन कुछ अनुभव ऐसे होते हैं, जिनके सामने शब्द भी अपनी सामर्थ्य खोने लगते हैं। नाग नथैया की यह शाम भी कुछ ऐसी ही थी। आमतौर पर तुलसीघाट की सीढ़ियों या सामने के किसी घाट से इस लीला का दर्शन करता रहा हूं। वहां से पूरा दृश्य एक साथ दिखाई देता है। कदंब की डाल पर चढ़ते कान्हा, गंगा में छलांग और फिर कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते नंदलाल। मगर इस बार दृश्य के सामने नहीं, उसके बिल्कुल करीब पहुंचने की उत्सुकता थी। गंगा की लहरों पर नाव से आगे बढ़ते हुए जैसे-जैसे तुलसीघाट पीछे छूटता गया, मन में रोमांच बढ़ता गया। सामने गंगा की विशाल जलराशि, चारों ओर नावों और बजड़ों की कतारें और बीच मझधार में काशी नरेश का पारंपरिक बजड़ा। वहीं पहुंचकर इस ऐतिहासिक लीला को देखने का अवसर मिला। यह वही स्थान था, जहां से काशी की राजपरंपरा इस लीला की साक्षी बनती है। काशी नरेश के वंशज कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने परिवार के साथ इसी परंपरागत बजड़े पर विराजमान थे। इस बार गंगा के बीच से तुलसीघाट को देखने का अनुभव ही अलग था। घाट की सीढ़ियां, अटारियां, छतें, मंदिरों के शिखर और श्रद्धालुओं से भरी नावें एक विशाल जीवंत चित्र की तरह सामने थीं। लगा, जैसे किसी ने सदियों पुराने ब्रज को उठाकर काशी की गंगा में सजा दिया हो।
एक ओर काशी नरेश का बजड़ा, दूसरी ओर आस्था का अथाह समुद्र
बजड़े पर पहुंचने के बाद चारों ओर निगाह दौड़ाई तो गंगा का विस्तार भी मानो इस आयोजन के लिए छोटा पड़ता दिखाई दिया। कहीं नावों पर बैठे श्रद्धालु, कहीं बजड़ों पर उमड़ा जनसमूह तो कहीं घाट की सीढ़ियों पर तिल रखने तक की जगह नहीं। हर चेहरे पर प्रतीक्षा, हर आंख में उत्सुकता और हर मन में बस एक ही अभिलाषा—किसी तरह कान्हा की वह अद्भुत छवि आंखों में उतर जाए। इस बीच साथियों का स्नेह और सहयोग भी इस अनुभव को यादगार बना रहा। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट चंदन रुपानी जी का विशेष सहयोग रहा। उनके साथ शंकर चतुर्वेदी जी, संजय गुप्ता जी, उत्तम जी, रोहित जी, संतोष जी, राजेश जी और अन्य साथियों की मौजूदगी ने इस यात्रा को आत्मीय बना दिया। पत्रकारिता के साथी जब किसी दृश्य को केवल खबर की दृष्टि से नहीं, बल्कि उसके सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व के साथ देखते हैं, तो अनुभव की गहराई और बढ़ जाती है। कैमरों के लेंस बार-बार उस ओर घूम रहे थे, जहां कुछ ही देर में पांच शताब्दियों पुरानी परंपरा अपने सबसे रोमांचकारी क्षण में प्रवेश करने वाली थी।
… और स्मृतियों में उतर गया कान्हा का बालरूप
लीला के आरंभ से पहले एक ऐसा क्षण भी आया, जिसने इस शाम को और निजी बना दिया। बाल स्वरूप में श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे लीला नायक से मिलने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने का अवसर मिला। कान्हा के रूप में सजे उस बालक के चेहरे पर बालसुलभ सहजता थी। उनके साथ तस्वीर ली, सेल्फी भी खींची। उस समय शायद यह अहसास नहीं था कि कुछ ही देर बाद यही बालक कदंब की डाल से गंगा की लहरों में छलांग लगाकर लाखों लोगों की सांसें थाम देगा। पत्रकार का मन स्वाभाविक रूप से दृश्य के हर पहलू को दर्ज करना चाहता है, लेकिन उस क्षण भीतर का श्रद्धालु भी उतना ही सक्रिय था। एक ओर कैमरा था, दूसरी ओर आस्था। एक ओर खबर के लिए जरूरी दृश्य थे, दूसरी ओर उस दृश्य को अपने भीतर सहेज लेने की चाह।
‘यह कहि नटवर मदन गोपाला…’ और गंगा में कूद पड़े नंदलाल
शाम ढलने लगी। गोधूलि बेला ने वातावरण को एक अलग ही रंग दे दिया। ग्वाल-बालों के साथ श्रीकृष्ण की गेंद खेलने की लीला शुरू हुई। खेलते-खेलते गेंद गंगा रूपी यमुना में जा गिरी। सुदामा की गेंद निकालने की बात आई तो कान्हा को कालिया नाग के विषैले जल का भय दिखाकर रोकने का प्रयास हुआ। लेकिन कालिया के आतंक से यमुना को मुक्त कराने का संकल्प लिए नंदलाल कदंब की डाल पर चढ़ गए। फिर वह क्षण आया, जिसका इंतजार पूरा तुलसीघाट कर रहा था। कदंब की डाल पर खड़े कान्हा ने पहले चारों ओर दर्शन दिए। मुरली की तान गूंजी। ब्रजविलास का स्वर उठा- ‘यह कहि नटवर मदन गोपाला, कूद परे जल में नंदलाला…’ और देखते ही देखते कान्हा ने गंगा की जलराशि में छलांग लगा दी। यह दृश्य गंगा के बीच से देखना एक बिल्कुल अलग अनुभूति थी। अब तक घाट से देखने पर छलांग एक दृश्य भर लगती थी, लेकिन इस बार पानी के इतने करीब से उस क्षण को देखना ऐसा था, मानो हम स्वयं द्वापर युग की किसी लीला के बीच खड़े हों। आसपास बैठे श्रद्धालुओं की आंखें जलराशि पर टिकी थीं। किसी के हाथ जुड़े थे तो कोई कैमरा संभाल रहा था। कुछ क्षणों के लिए गंगा की लहरों और लाखों निगाहों के बीच एक अद्भुत मौन पसर गया।
दो मिनट के भीतर जलराशि से प्रकट हुए कालिया के फन पर विराजे कान्हा
कान्हा के जल में समाते ही प्रतीक्षा का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। पीपे के भीतर तैयार विशेष व्यवस्था, कालिया नाग की प्रतिकृति और विशेषज्ञ तैराकों की सहायता से लीला का अगला दृश्य साकार होने लगा। पानी के भीतर बालकृष्ण का कालिया नाग के फन तक पहुंचना और फिर अचानक उसके ऊपर प्रकट होना इस लीला का सबसे अनूठा कौशल है। इस बार हमारी निगाहें उस स्थान पर बिल्कुल करीब से टिकी थीं। करीब दो मिनट के भीतर जलराशि से कान्हा के प्रकट होने का वह क्षण आया, जिसने देखते ही देखते पूरे वातावरण को जयकारों से भर दिया। कालिया नाग के विशाल फन पर खड़े नंदलाल, चेहरे पर वही अलौकिक मुस्कान, हाथों में मुरली और चारों ओर उमड़ता श्रद्धा का समुद्र! लगा, जैसे किसी चित्रकार ने भागवत की कथा का सबसे सुंदर चित्र जलराशि पर उतार दिया हो.
काशी के घाटों पर गूंज उठा- जय श्रीकृष्ण! हर-हर महादेव!
गंगा की लहरों पर खड़े होकर यह दृश्य देखना सचमुच अविस्मरणीय था। इस बार कैमरे ने केवल तस्वीरें नहीं खींचीं, बल्कि उन क्षणों को सहेजने का प्रयास किया, जिनमें आस्था, रोमांच, परंपरा और कौशल एक साथ उपस्थित थे। काशी नरेश के बजड़े के आसपास से लीला को देखने का अवसर इस अनुभव को और विशिष्ट बना गया।
काशी में वृंदावन की अनुभूति, परंपरा में आधुनिकता का अद्भुत कौशल
नाग नथैया की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां लीला केवल अभिनय नहीं है। इसमें लोकजीवन, धार्मिक विश्वास, पीढ़ियों का समर्पण और अद्भुत तकनीकी कौशल एक साथ दिखाई देते हैं। कदंब की डाल से छलांग लगाने वाला बालक, जल के भीतर पीपे की विशेष व्यवस्था, कालिया नाग की विशाल प्रतिकृति और फिर फन पर बांसुरी बजाते कान्हा का प्रकट होना—इन सबके पीछे वर्षों का अनुभव और समर्पण है। इस लीला में कुछ क्षण ऐसे भी होते हैं, जब दर्शक भूल जाते हैं कि वे किसी आयोजन के साक्षी हैं। उन्हें लगता है कि जो प्रसंग वे देख रहे हैं, वह सचमुच उनकी आंखों के सामने घटितहो रहा है। शायद यही जीवंत परंपरा की सबसे बड़ी उपलब्धि है। गोस्वामी तुलसीदास अखाड़ा के अध्यक्ष एवं संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र की मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण की इस तरह की जल लीला का ऐसा जीवंत स्वरूप दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलता। तुलसीदास जी से जुड़ी इस परंपरा का पांच शताब्दियों से अधिक समय से अनवरत निर्वहन अपने आप में काशी की सांस्कृतिक चेतना का प्रमाण है।
कालिया नाग तो द्वापर में था, आज उसकी पहचान बदल गई है
इस पूरी लीला को देखने के बाद मन में एक सवाल भी देर तक गूंजता रहा। क्या कालिया नाग का दमन केवल एक पौराणिक प्रसंग है? या इसके भीतर आज के समय के लिए भी कोई संदेश छिपा है? यमुना को विषैला करने वाले कालिया नाग का दमन कर श्रीकृष्ण ने नदी को उसके आतंक से मुक्त कराया था। आज गंगा और दूसरी नदियों में गिरते नाले, औद्योगिक अपशिष्ट और प्रदूषण के स्रोत उसी आधुनिक कालिया के प्रतीक नहीं तो और क्या हैं? आस्था के इस विराट आयोजन के बीच पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश और भी गहरा हो जाता है। जिस नदी की गोद में हम अपने आराध्य की लीला का दर्शन करते हैं, उसी नदी को स्वच्छ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
कुछ तस्वीरें कैमरे में, कुछ हमेशा के लिए मन में…
शाम धीरे-धीरे ढल रही थी। बजड़े पर साथियों के बीच चर्चा, कैमरों में कैद तस्वीरें, मोबाइल में दर्ज सेल्फी और आंखों में तैरता कान्हा का वह दृश्य। लौटते समय बार-बार पीछे मुड़कर तुलसीघाट को देखने का मन हो रहा था। गंगा की लहरें अब भी वैसी ही थीं, लेकिन उनके प्रति देखने का नजरिया बदल चुका था। हर साल नाग नथैया देखने आता रहा हूं, लेकिन इस बार का अनुभव अलग था। पहले घाट से पूरी लीला को एक साथ देखता था, इस बार गंगा की मझधार में पहुंचकर उसके रोमांच, उसकी प्रतीक्षा और उसके चरम क्षण को बिल्कुल करीब से महसूस किया। काशी नरेश के बजड़े के आसपास से लीला दर्शन, साथियों का स्नेह, बालकृष्ण के साथ तस्वीर और फिर कालिया के फन पर प्रकट होते कान्हा-ये सब स्मृतियों की ऐसी पूंजी बन गए, जिन्हें समय भी धुंधला नहीं कर पाएगा।हते हैं, काशी में हर पत्थर की अपनी कथा है, हर घाट का अपना इतिहास और गंगा की हर लहर में कोई न कोई स्मृति बहती है।
शुक्रवार को लगा कि उन लहरों में द्वापर की एक कथा फिर जीवित हो उठी है। सचमुच, कुछ देर के लिए हम काशी में नहीं थे, वृंदावन में थे। फर्क बस इतना था कि यमुना के स्थान पर मां गंगा थीं और ब्रज के उस कालजयी प्रसंग के साक्षी बनने का सौभाग्य काशी की मझधार में मिला था। वह शाम बीत गई, लेकिन कान्हा की मुरलिया अब भी मन में बज रही है… मतलब साफ हैपत्रकारिता ने हमें दृश्य देखने की दृष्टि दी, लेकिन उस शाम आस्था ने एक नया अनुभव दिया—कुछ लीलाएं रिपोर्ट नहीं की जातीं, उन्हें भीतर उतरकर महसूस करना पड़ता है। नाग नथैया की वह शाम मेरे लिए ऐसी ही एक अविस्मरणीय अनुभूति बन गई।



