उत्तर प्रदेशराज्य

झांसी में बड़ा हादसा टला! चलती सड़क पर नाइट्रोजन गैस टैंकर से हुआ रिसाव, चालक की सूझबूझ से टली अनहोनी

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। गुजरात से बिहार रिफाइनरी जा रहे नाइट्रोजन गैस से भरे टैंकर से बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया गांव के पास अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। हालांकि चालक की सतर्कता और समय रहते उठाए गए कदमों से संभावित दुर्घटना टल गई।

चालक ने तुरंत सड़क किनारे खड़ा किया टैंकर

हाईवे पर गैस का उत्सर्जन होते ही चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए टैंकर को तुरंत सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया और संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। समय पर की गई इस कार्रवाई से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई और पूरे क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी गई। कुछ समय बाद गैस का रिसाव स्वतः बंद हो गया, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

सेफ्टी वाल्व सक्रिय होने से हुआ गैस का रिसाव

बड़ागांव थाना प्रभारी बलिराज शाही ने बताया कि टैंकर में नाइट्रोजन गैस भरी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टैंकर में लगा सुरक्षा ओवरफ्लो वाल्व (सेफ्टी वाल्व) अधिक दबाव बनने के कारण स्वतः सक्रिय हो गया था। यह व्यवस्था टैंक के भीतर अत्यधिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए बनाई जाती है। अतिरिक्त गैस निकलने के बाद वाल्व अपने आप बंद हो गया और स्थिति सामान्य हो गई।

कोई जनहानि नहीं, जांच के बाद बिहार रवाना हुआ टैंकर

अधिकारियों ने सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद टैंकर को बिहार के लिए रवाना कर दिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। नाइट्रोजन गैस गंधहीन होती है और ऑक्सीजन का स्थान लेकर दम घुटने जैसी स्थिति पैदा कर सकती है, इसलिए पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई।

Related Articles

Back to top button