अमेरिका का बड़ा आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन, ISIS का टॉप कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी ढेर; ट्रंप ने किया दावा

वॉशिंगटन: अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकवादी संगठन ISIS के शीर्ष कमांडरों में शामिल अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर इस मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, अबू-बिलाल अल-मिनुकी ISIS के वैश्विक नेटवर्क का दूसरा सबसे बड़ा कमांडर था और अफ्रीका में रहकर आतंकवादी गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के पास लंबे समय से उसके ठिकानों और गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मौजूद थी, जिसके आधार पर इस ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
अमेरिकी और नाइजीरियाई सेना का संयुक्त अभियान
राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद कठिन परिस्थितियों में अंजाम दिया गया। इसमें अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज, खुफिया एजेंसियों और नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने मिलकर काम किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस मिशन की तैयारी चल रही थी और सटीक खुफिया जानकारी के चलते ऑपरेशन सफल रहा।
ट्रंप ने नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बेहद जरूरी है और यह कार्रवाई उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
ISIS नेटवर्क को बड़ा झटका लगने का दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अबू-बिलाल अल-मिनुकी अफ्रीका में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ अमेरिकियों को निशाना बनाने की साजिशों में भी शामिल था। माना जा रहा है कि उसके मारे जाने से ISIS के वैश्विक नेटवर्क और उसकी ऑपरेशनल क्षमता को बड़ा झटका लगा है।
अफ्रीका में बढ़ रही थीं ISIS की गतिविधियां
पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीका के कई हिस्सों में ISIS और उससे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। इसी को देखते हुए अमेरिका और अफ्रीकी देशों के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग भी मजबूत हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ऑपरेशन आतंकवादी संगठनों के खिलाफ चल रहे अभियान में अहम साबित हो सकता है।



