मनोरंजन

अनुष्का शर्मा की नई प्रोडक्शन फ़िल्म ‘बुलबुल’ का फ़र्स्ट लुक नेटफ्लिक्स पर हुआ रिलीज़

नई दिल्ली:अमेज़न प्राइम वीडियो पर वेब सारीज़ पाताल लोक की बेहतहाशा कामयाबी के बाद अनुष्का शर्मा ने अब अपनी अगली फ़िल्म बुलबुल की रिलीज़ का एलान कर दिया है। बुलबुल नेटफ्लिक्स पर 24 जून को रिलीज़ होगी। अनुष्का ने इसकी जानकारी इंस्टाग्राम के ज़रिए फैंस के साथ साझा की है।

अनुष्का ने लिखा- बुलबुल का फ़र्स्ट लुक यह रहा। सेल्फ़ डिस्कवरी, जस्टिस, मिस्ट्री की लोक कथा में लिपटी कहानी। नेटफ्लिक्स पर जल्द आ रही है। अनुष्का ने इसके साथ जो मोशन पोस्टर शेयर किया है, उसमें एक बड़े से ग्रह के आगे एक लड़की का साया ऊंचाइयों से जम्प करता नज़र आ रहा है। मोशन पोस्टर इसके रहस्य, रोमांच और जादुई कहानी की ओर इशारा कर रहा है। 

बुलबुल, एक बाल वधू की कहानी है, जिसका जीवन रहस्यों से घिरा है। घर में वो अकेली रहती है। फिर एक दिन गांव में आदमियों का परालौकिक शक्तियों द्वारा क़त्ल होना शुरू हो जाता है। अनुष्का शर्मा की कम्पनी द्वारा निर्मित बुलबुल में अविनाश तिवारी, तृप्ति डिमरी और राहुल बोस मुख्य किरदारों में दिखेंगे। नेटफ्लिक्स ने फ़र्स्ट लुक शेयर करने के साथ लिखा- जंगल अच्छे नहीं होते। वो घने और अंधकारमय होते हैं। 

अनुष्का शर्मा बतौर प्रोड्यूसर सधी हुई पारी खेल रही हैं। उन्होंने 2015 की अपनी फ़िल्म एनएच 10 से अपनी प्रोडक्शन कम्पनी शुरू की थी। यह फ़िल्म क्रिटिकली और कमर्शियली सफल रही थी। 2017 में उनकी दूसरी फ़िल्म फिल्लौरी आयी, जो फैंटेसी कॉमेडी फ़िल्म थी। 2018 में अनुष्का सुपरनेचुरल हॉरर फ़िल्म परी लेकर आयीं, जो काफ़ी चर्चित रही। इस फ़िल्म का निर्देशन प्रोसित रॉय ने किया था, जो पाताल लोक के भी सह-निर्देशक हैं। 

उपरोक्त सभी फ़िल्मों में अनुष्का ने ख़ुद लीड रोल निभाये थे, मगर बुलबुल उनकी पहली ऐसी होम प्रोडक्शन फ़िल्म है, जिसमें वो सिर्फ़ निर्माता की भूमिका निभा रही हैं। बतौर लीड एक्ट्रेस अनुष्का की आख़िरी फ़िल्म ज़ीरो है, जो 2018 में रिलीज़ हुई थी। 

Related Articles

Back to top button