अन्तर्राष्ट्रीय

Bajaur Suicide Attack: पाकिस्तान सेना कैंप पर बड़ा आत्मघाती हमला, 15 सैनिकों के मारे जाने की आशंका, TTP ने ली जिम्मेदारी

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। बाजौर इलाके में पाकिस्तानी सेना के कैंप को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम 15 सैनिकों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को हुए इस हमले में पहले सेना कैंप के एक हिस्से में जोरदार विस्फोट किया गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के तुरंत बाद भारी हथियारों से लैस आतंकवादी कैंप के अंदर घुस गए और सुरक्षाबलों के साथ लंबी मुठभेड़ शुरू हो गई।

TTP ने हमले की ली जिम्मेदारी

प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन की ओर से दावा किया गया है कि इस कार्रवाई को उसकी “स्पेशल इस्तशहादी फोर्सेज” ने अंजाम दिया।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार हमले की योजना पहले से तैयार की गई थी और इसमें भारी मात्रा में विस्फोटकों और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इलाके में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई

हमले के बाद बाजौर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्थानीय एजेंसियां हमलावरों के नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे संगठित आतंकी मॉड्यूल सक्रिय था।

पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर लगातार बढ़ते हमलों ने सरकार और सेना की चिंता बढ़ा दी है। हाल के महीनों में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी घटनाओं में लगातार इजाफा देखा गया है।

पहले भी हो चुके हैं कई बड़े हमले

इससे पहले इसी सप्ताह लक्की मरवत जिले के नौरंग बाजार में भी आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों की मौत हुई थी। वहीं हाल के दिनों में बन्नू, झोब और बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में भी सेना और पुलिस ठिकानों को निशाना बनाया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों ने एक बार फिर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा को गंभीर चुनौती मिल रही है।

Related Articles

Back to top button