राज्यराष्ट्रीय

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक बरकरार, अब 30 नवंबर तक जारी रहेगा प्रतिबंध; DGCA ने किया ऐलान

नई दिल्ली: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध को अब 30 नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। शुक्रवार को एक सर्कुलर जारी कर DGCA ने कहा कि भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 30 नवंबर 2021 तक बढ़ा दिया है। DGCA के इस ऐलान के बाद अगले महीने के आखिर तक सभी अंतरराष्‍ट्रीय उड़ानों पर रोक रहेगी। निर्धारित विदेशी उड़ानों पर प्रतिबंध 31 अक्टूबर 2021 को समाप्त होना था।

आपको बता दें कि कोरोना महामारी के चलते पिछले साल मार्च में अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। DGCA द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जरूरत महसूस किए जाने पर कुछ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर संबंधित अथॉरिटी की मंजूरी लेकर उड़ानों को संचालित किया जा सकता है। इसके अलावा यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय ऑल-कार्गो संचालन और डीजीसीए द्वारा विशेष रूप से अनुमोदित उड़ानों पर लागू नहीं होगा।

कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानें पिछले साल 23 मार्च से ही निलंबित हैं। एविएशन अथॉरिटी ने तब से कई बार प्रतिबंध को बढ़ा चुका है। प्रतिबंध लगने के दो महीने बाद 25 मई, 2020 को घरेलू हवाई सेवा फिर से शुरू हो गई थी। सरकार ने अब 18 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों की क्षमता पर से रोक हटा दी है। सिविल एविएशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया है कि सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगाए गए प्रतिबंधों को तुरंत हटाए जाने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि एयर बबल व्यवस्था के तहत मौजूदा उड़ानों की संख्या मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के परिचालन के लिए भारत की 25 से अधिक देशों के साथ एयर बबल व्यवस्था है।

Related Articles

Back to top button