पंजाबराज्य

भगवंत मान ने पंजाब की खुशहाली और अमन-शांति के लिए की अरदास

अमृतसर: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने शनिवार को अमृतसर के पवित्र श्री हरमंदिर साहिब, दुग्र्याना मंदिर और श्रीराम तीरथ मंदिर में माथा टेका और पंजाब की खुशहाली, समृद्धि एवं अमन-शांति के लिए अरदास की। भगवंत मान शहीदों का स्थल जलियांवाला बाग भी पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

अमृतसर में मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि पंजाब को आगे ले जाने के लिए भरोसे और विश्वास के साथ जो जिम्मेदारी पंजाब के लोगों, पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने मुझे सौंपी है, उसे पूरा करने के लिए हिम्मत और हौसला मांगने मैं ईश्वर के दरबार में आया हूं। भगवान की चरणों में शीश झुका कर पंजाब की लड़ाई में उनका साथ मांगा।

मान ने पंजाब के सभी लोगों का प्यार और समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि हमारी लड़ाई पंजाब को दोबारा खुशहाल और संपन्न बनाने के लिए है। इस लड़ाई को ईश्वर के आशीर्वाद के बिना जीतना संभव नहीं है। इस बार गुरु महाराज पंजाब पर कृपा बरसाएंगे और पंजाब को पहले की तरह ही खुशहाल और संपन्न बनाएंगे।

भगवंत मान ने मुख्यमंत्री चन्नी द्वारा आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को चमकौर साहिब से चुनाव लडऩे की चुनौती पर पलटवार किया और चन्नी को धूरी से अपने खिलाफ चुनाव लडऩे की चुनौती दी। शनिवार को अमृतसर में मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि शायद मुख्यमंत्री चन्नी को नहीं पता है कि चमकौर साहिब विधानसभा रिजर्व सीट है। न मैं और न ही हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल वहां से चुनाव लड़ सकते हैं। अगर मुख्यमंत्री चन्नी को खुद पर और पंजाब के लोगों पर भरोसा है तो वे धूरी आएं और मेरे खिलाफ चुनाव लड़ें। मैं उनका स्वागत करूंगा। धूरी की जनता उचित फैसला करेगी।

Related Articles

Back to top button