अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में बड़ा हादसा: ट्यूशन सेंटर की छत ढही, पढ़ाई कर रहे 14 बच्चों की मौत; 20 घायल, ठेकेदार गिरफ्तार

लाहौर: पाकिस्तान के लाहौर शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घनी आबादी वाले काहना नौ क्षेत्र की बस्ती ईदगाह में संचालित एक निजी ट्यूशन सेंटर की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 20 अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के समय सात से 13 वर्ष की आयु के बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे और छत गिरने के बाद मलबे में दब गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्यूशन सेंटर एक निर्माणाधीन इमारत के भीतर संचालित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि भवन के एक हिस्से में निर्माण कार्य जारी था और मजदूर काम में लगे हुए थे। इसी दौरान छत का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे वहां मौजूद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

घंटों तक चला राहत और बचाव अभियान

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस, एधी फाउंडेशन और रेस्क्यू 1122 की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे बच्चों को निकालने के लिए कई घंटों तक लगातार राहत कार्य चलाया गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया।

14 बच्चों के शव बरामद, शिक्षिका समेत कई अस्पताल में भर्ती

लाहौर के उप महानिरीक्षक (ऑपरेशंस) फैसल कामरान ने बताया कि अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं। हादसे में घायल 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद संबंधित ठेकेदार को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

निर्माणाधीन भवन में चल रहा था ट्यूशन सेंटर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस भवन में हादसा हुआ, वह पूरी तरह निर्माणाधीन अवस्था में था। ऐसे में वहां ट्यूशन सेंटर का संचालन कैसे हो रहा था और इसके लिए अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एधी फाउंडेशन ने जताई मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

एधी फाउंडेशन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि काहना नौ क्षेत्र के एक आवासीय भवन में स्थित अकादमी की छत अचानक गिर गई, जिसके बाद उनकी टीम तुरंत राहत कार्य में जुट गई।

फाउंडेशन के अनुसार मृत बच्चों के शवों को लाहौर जनरल अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है। संस्था ने आशंका जताई है कि कुछ बच्चे अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

शिक्षा विभाग भी करेगा जांच

लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारिक महमूद ने बताया कि यह निजी ट्यूशन सेंटर स्थानीय स्तर पर एक महिला द्वारा संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग यह भी जांच करेगा कि संवेदनशील और निर्माणाधीन भवन में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के ट्यूशन सेंटर कैसे संचालित किया जा रहा था।

मरियम नवाज ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि इमारत गिरने के लिए जिम्मेदार ठेकेदार, भवन मालिक और संबंधित अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button