
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ा पुलिस एक्शन सामने आया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में 24 जुलाई को कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हुए हमले के संबंध में 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम 24 जुलाई को मदननगर गांव में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस दल पर लाठी-डंडों, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया। इस हमले में एसडीओपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के साथ 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों को आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।



