राष्ट्रीयव्यापार

EPFO का बड़ा फैसला: नौकरी बदलते ही खुद ट्रांसफर होगा PF, कर्मचारियों को नहीं करना पड़ेगा आवेदन

नई दिल्ली। नौकरी बदलने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बड़ा अपडेट जारी किया है। अब आधार से जुड़े यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से लिंक पीएफ खाते का बैलेंस कर्मचारी के नए संगठन में शामिल होते ही अपने आप ट्रांसफर हो जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को अलग से पीएफ ट्रांसफर रिक्वेस्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

EPFO के मुताबिक, यह बदलाव सदस्य डेटाबेस को नए सेंट्रलाइज आईटी इनेबल्ड सर्विसेज (CITES) प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के बाद किया गया है। इस पहल का उद्देश्य सदस्यों को तेज, आसान और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। खासतौर पर उन कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा, जो अपने करियर के दौरान कई बार नौकरी बदलते हैं और उनके अलग-अलग पीएफ खाते बन जाते हैं।

पहले लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था कर्मचारियों को

अब तक नौकरी बदलने के बाद कर्मचारियों को पुराने पीएफ खाते से नए खाते में पैसा ट्रांसफर करने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता था। इसके लिए EPFO पोर्टल या ऑफलाइन माध्यम से ट्रांसफर रिक्वेस्ट दाखिल करनी होती थी। इसके बाद नियोक्ता और EPF सिस्टम के जरिए प्रक्रिया पूरी होने में समय लगता था।

नए सिस्टम के लागू होने के बाद आधार से जुड़े UAN आधारित खाते अपने आप ट्रांसफर हो जाएंगे। यानी कर्मचारी को पीएफ बैलेंस नए खाते में लाने के लिए किसी तरह का ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन नहीं करना पड़ेगा।

एक ही UAN से जुड़े रहेंगे सभी PF खाते

EPFO की नई व्यवस्था के बाद कर्मचारियों का UAN पहले की तरह एक ही रहेगा और सभी पीएफ खातों का पैसा एक ही खाते में जुड़ जाएगा। इससे खाता प्रबंधन आसान होगा और कर्मचारियों को अलग-अलग पीएफ खातों की जानकारी रखने की परेशानी से राहत मिलेगी।

EPFO का उद्देश्य एक ही UAN के माध्यम से सभी पीएफ खातों को ऑटोमैटिक तरीके से जोड़ना और कागजी कार्रवाई को कम करना है।

पीएफ खातों को मर्ज करने से मिलेंगे कई फायदे

बार-बार नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के कई पीएफ खाते बन जाते हैं। ऐसे खातों को एक साथ रखने से कर्मचारियों की सर्विस हिस्ट्री लगातार बनी रहती है और रिटायरमेंट सेविंग एक जगह सुरक्षित रहती है।

इसके अलावा पीएफ बैलेंस को ट्रैक करना आसान हो जाता है और अंतिम भुगतान की प्रक्रिया भी सरल हो जाती है। कर्मचारी अपने UAN क्रेडेंशियल और OTP सत्यापन के जरिए EPFO यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर अपनी रोजगार से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं।

EPFO ने शुरू किए कई डिजिटल सुधार

EPFO के यूनिफाइड प्लेटफॉर्म में किए गए बदलावों के तहत ऑटोमैटिक पीएफ ट्रांसफर सुविधा भी शुरू की गई है। इसके अलावा क्लेम प्रक्रिया को तेज करने, यूनिफाइड पेमेंट सिस्टम लागू करने और सदस्यों को किसी भी EPFO कार्यालय से सेवाएं लेने जैसी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है। नई व्यवस्था से उम्मीद है कि कर्मचारियों को पीएफ से जुड़ी सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, आसान और पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगी।

Related Articles

Back to top button