उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

लखनऊ के ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में बड़ी सफलता, मुख कैंसर की जटिल सर्जरी सफल; मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज स्थित टीबी सह संयुक्त चिकित्सालय में मुख कैंसर की एक जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। अस्पताल के चिकित्सकों ने समय रहते कैंसर की पहचान कर सफल शल्यक्रिया की, जिसके बाद मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुका है। इस सफलता को अस्पताल की ईएनटी यूनिट की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बायोप्सी में हुई कैंसर की पुष्टि

जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज निवासी 40 वर्षीय मरीज की जीभ के किनारे लंबे समय से एक घाव था, जो किसी भी उपचार के बाद ठीक नहीं हो रहा था। इसके बाद मरीज ने संयुक्त चिकित्सालय के नाक, कान और गला (ईएनटी) विभाग में परामर्श लिया।

ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनित्या श्रीवास्तव ने जांच के दौरान मरीज को बायोप्सी कराने की सलाह दी। मरीज की सहमति मिलने के बाद बायोप्सी की गई, जिसकी रिपोर्ट में कैंसर की पुष्टि हुई।

तत्काल किया गया ऑपरेशन

कैंसर की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों ने बिना देरी किए मरीज को भर्ती कर शल्यक्रिया करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन के दौरान मुख कैंसर की सफल सर्जरी के साथ गले में सिलेक्टिव लिम्फ नोड डिसेक्शन भी किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और स्वस्थ होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इन चिकित्सकों ने निभाई अहम भूमिका

सफल सर्जरी में एनेस्थेटिस्ट डॉ. शाहिद अंसारी, ईएनटी सर्जन डॉ. अनित्या श्रीवास्तव, स्टाफ नर्स नीतू मिश्रा, अर्चना श्रीवास्तव, अरुणा देवी तथा ऑपरेशन थिएटर के अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने टीम को दी बधाई

संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी ने सफल सर्जरी के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ईएनटी यूनिट अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और यहां नाक, कान एवं गले से संबंधित विभिन्न प्रकार की शल्यक्रियाएं कुशलतापूर्वक की जाती हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को नाक, कान या गले से जुड़ी कोई समस्या हो तो वह बिना देरी किए अस्पताल की ईएनटी ओपीडी में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Related Articles

Back to top button