टॉप न्यूज़लखनऊवाराणसी

वाराणसी में 2017 का इतिहास दोहराने की दहलीज पर भाजपा

विस चुनाव 2022 : शहर की सभी 8 सीटों पर पार्टी प्रत्याशी भारी बढ़त के साथ जीत की ओर अग्रसर

वाराणसी : प्रदेश विधानसभा चुनाव में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना का दौर जारी है। दोपहर बाद तक आये रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संसदीय सीट पर 2017 का इतिहास दोहराने की तरफ बढ़ रही है। यहां की पांच विधानसभा क्षेत्र शहर उत्तरी, कैंट, शिवपुर, अजगरा और पिंडरा में बढ़त का अंतर बड़ा होता जा रहा है। शहर दक्षिण में कांटे की टक्कर के बाद भाजपा बढ़त बना रही है। मतगणना में वाराणसी दक्षिण में 10वां चक्र पूरा हो चुका है। इसमें समाजवादी पार्टी के किशन दीक्षित को 32,986 और भाजपा के डॉ. नीलकंठ तिवारी को 43,044 वोट प्राप्त हुये हैं। वहीं कांग्रेस की मुदिता कपूर को 961 मत मिले हैं।

सेवापुरी में 17 चक्र के बाद भाजपा गठबंधन नील रतन पटेल को 60,737 वोट प्राप्त हुये हैं। जबकि सपा के सुरेंद्र सिंह पटेल को 47,233, बसपा के अरविंद कुमार त्रिपाठी को 14,320 मत मिले हैं। इसी तरह पिंडरा में भाजपा के डॉ अवधेश सिंह को 42,235 वोट प्राप्त हुये हैं। कांग्रेस के अजय राय को 21,946 और बसपा के बाबूलाल को 25,230 मत मिले हैं। वाराणसी उत्तरी में 16 चक्र की मतगणना पूरी हो चुकी है। इसके बाद भाजपा के रविन्द्र जायसवाल 78,215 और सपा के अशफाक को 33,562 मत प्राप्त हुये हैं। बसपा के श्याम प्रकाश को 7,355 वोेट मिले हैं।

शिवपुर में 13 चक्र के बाद भाजपा के अनिल राजभर को 58,476 मत प्राप्त हुये हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी को अरविंद राजभर को 34,644 और बसपा के रवि मौर्य को 18,800 मत मिले हैं। दोपहर बाद तक अजगरा में मतगणना का 20वां चक्र पूरा हो चुका है, जिसके बाद भाजपा के त्रिभुवन राम को 71,363, सपा गठबंधन के सुनील सोनकर को 57,086 और बसपा के रघुनाथ चौधरी को 25,589 मत मिले हैं। रोहनिया में 9वें चक्र की गिनती पूरी हो चुकी है। भाजपा गठबंधन के डॉ. सुनील पटेल को 30,214, सपा गठबंधन के अभय पटेल को 23,530, बसपा के अरुण सिंह पटेल को 8,802 मत मिले हैं।

राजनीतिक पंडित मान रहे है कि 2017 के रोड-शो में जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी की लहर दिखी, कुछ ऐसा ही 2022 में नजर आया। उनके रोड-शो ने इस परिणाम का संकेत दे दिया था। शहर दक्षिण को लोग कमजोर कड़ी बता रहे थे। लेकिन शहर दक्षिण के प्रत्याशी डॉ. नीलकंठ तिवार शुरुआत में पिछड़ने के बाद अब लगातार बढ़त बनाये हुए है। उधर,जीत के जश्न में डूबे भाजपा कार्यकर्ता ढोल नगाड़े की थाप पर जय श्रीराम, हर हर महादेव के नारों के साथ साथ ‘बाबा नहीं बुलडोजर बाबा हैं’ के नारे लगाते हुए आपस में गले मिल रहे हैं। गुलाल उड़ाकर खुशियां जता रहे हैं।

Related Articles

Back to top button