
नवाचार, रचनात्मकता और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहन
सिटी इंटरनेशनल स्कूल, बालागंज में स्टार्टअप मेला का आयोजन
लखनऊ : सिटी इंटरनेशनल स्कूल, बालागंज में आईआईटी बाम्बे की पहल पर विद्यार्थियों में उद्यमिता, रचनात्मकता, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से एक स्टार्टअप मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उमाशंकर दुबे, अध्यक्ष लखनऊ जन कल्याण महासमिति उपस्थित रहे। अमृत मिल्क ऑर्गेनिक के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक पंकज मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रबंधक शाहाब हैदर के दूरदर्शी नेतृत्व एवं निरंतर प्रोत्साहन से व्यावहारिक शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता की बुनियादी समझ प्रदान करना तथा तेजी से बदलते तकनीकी और आर्थिक परिवेश के लिए तैयार करना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि भविष्य में रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न उत्पाद तैयार किए और उनके विपणन एवं बिक्री के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए। इनमें हस्तनिर्मित वस्तुए, सजावटी सामग्री, उपयोगी सामान एवं विभिन्न रचनात्मक उत्पाद शामिल थे। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्पाद निर्माण, मूल्य निर्धारण, मार्केटिंग, ग्राहक संवाद और बिक्री का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा आठ के विद्यार्थियों का विजेता स्टॉल ‘द हैप्पी हसलर्स’ रहा, जिसे हैलोवीन थीम पर आकर्षक ढंग से तैयार किया गया था। इसकी अनूठी परिकल्पना, रचनात्मक प्रस्तुति, टीमवर्क एवं उद्यमशीलता की भावना के लिए विजेता घोषित किया गया। कार्यक्रम ने इस विचार को सशक्त किया कि शिक्षा केवल पुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने, कौशल विकसित करने और अपनी रचनात्मकता को व्यावसायिक रूप देने के अवसर प्रदान करना भी आवश्यक है। आयोजन ने युवा प्रतिभाओं, विद्यार्थियों को भविष्य के सफल उद्यमी एवं रोजगार सृजक बनने की दिशा में प्रेरित किया।



