उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगढ़ के खेरेश्वर धाम मंदिर में शिवलिंग के पास मांस रखने का आरोप, निलंबित शिक्षक गिरफ्तार

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित प्रसिद्ध खेरेश्वर धाम मंदिर के गर्भगृह में शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े रखने के आरोप में पुलिस ने एक निलंबित सहायक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनवरुद्दीन पुत्र हकीमुल्ला, निवासी धौर्रा माफी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। मंदिर के मुख्य महंत प्रहलाद गिरी महाराज की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को देर रात जेल भेज दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे एक अधेड़ व्यक्ति मंदिर के गर्भगृह में पहुंचा था। आरोप है कि उसने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े रखे और वहां से चला गया। शाम को श्रृंगार से पहले गर्भगृह की सफाई के दौरान सेवादारों को वहां मांस के टुकड़े मिले। इसकी जानकारी तत्काल मुख्य महंत को दी गई।

घटना के बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक व्यक्ति काली पॉलीथिन लेकर मंदिर में आता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर मंदिर प्रबंधन ने उसकी पहचान कर तलाश शुरू कर दी।

मंगलवार को वही व्यक्ति दोबारा मंदिर पहुंचा और गर्भगृह में कुछ चढ़ाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान मुख्य महंत प्रहलाद गिरी महाराज ने उसे पहचान लिया। सेवादारों और कथा वाचक राधे तनु महाराज की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

भीड़ जुटने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा

आरोपी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही करणी सेना और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मंदिर पहुंचने लगे। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से मंदिर परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी आदित्य बंसल और सीओ गभाना सृष्टि जैन भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और संगठनों के कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में शक्तिपीठों को लेकर कही यह बात

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले 10 से 15 वर्षों से मंदिर आता रहा है। उसने सुना था कि शक्तिपीठों पर मांस चढ़ाने से मनोकामना पूरी हो जाती है। आरोप है कि वह पहले शिवलिंग पर नमकीन के दो पैकेट चढ़ाता था और फिर काली पॉलीथिन रखता था। इसके बाद वह कोल्ड ड्रिंक की बोतल में रखा पेय पदार्थ भी चढ़ाता दिखाई दिया।

आरोपी थाना पिसावा क्षेत्र के गांव गनेशपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत बताया गया है। वह काफी समय से निलंबित चल रहा है। मुख्य महंत प्रहलाद गिरी महाराज की तहरीर पर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button