छत्तीसगढ़राज्य

जगरगुंडा और दोरनापाल उप तहसील को तहसील बनाने की मुख्यमंत्री ने की घोषणा

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज से अपने भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण का आगाज बस्तर संभाग के कोंटा विधानसभा क्षेत्र से की। मुख्यमंत्री आज रायपुर से हेलीकाप्टर से कोंटा पहुंचे और वहां राम लिंगेश्वर मंदिर में स्तम्भ, शिवलिंग व नंदी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि की कामना की। उन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक भी किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने कोंटा के नगर पंचायत परिसर में आम जनता से भेंट-मुलाकात कर शासकीय कार्यक्रमों और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनी। इस मौके पर उन्होंने आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कोंटा जिले के दो उप तहसीलों जगरगुंडा एवं दोरनापाल को तहसील बनाए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का वहां हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने करतल ध्वनि कर स्वागत कर इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कोंटा ब्लाक के बंडागांव एवं जगरगुंडा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, कोंटा के 30 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (अस्पताल) को विस्तारित कर 50 बिस्तर करने, सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सकों एवं स्टाफ के लिए क्वाटर, दुब्बाटोटा में खेल मैदान, छत्तीसगढ़ राज्य की अंतर्राज्यीय सीमा पर छत्तीसगढ़ प्रवेश द्वार और एरार्बोर में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री के कोंटा आगमन को लेकर लोगों में भारी उत्साह था। कोंटा में सुबह से ही आसपास के गांवों के ग्रामीण पहुंचने लगे थे। मुख्यमंत्री के कोंटा पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री को छिन्द पत्ते से बना पारंपरिक गुलदस्ता भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी जनसमूह का अभिवादन किया। इस दौरान उद्योग मंत्री कवासी लखमा, सांसद दीपक बैज उनके साथ थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कोंटा आगमन कोंटा क्षेत्र के लोगों के लिए सौगातों भरा रहा। मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान कोंटा क्षेत्र के 291 हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र वितरित किया, जिसमें एरार्बोर के 187, दुब्बाटोटा के 25, वंजामुगड़ा के 19, फंदीगुड़ा के 14, एकलगुड़ा के 12, जगवारम के 9, पेदाकिसोली के 7, ओडिनगुड़ा के एक, बरेर्मोगा 4, मेटागुड़ा के 2, बुरगुड़ा 3 एवं आसीरगुड़ा के 8 हितग्राही शामिल हैं। मुख्यमंत्री के हाथों वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र पाकर सुदूर अंचल कोण्टा के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्थानीय विधायक तथा उद्योग मंत्री कवासी लखमा को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ढोण्ढरा, कोण्टा, पेण्टा, नागलगुण्डा, पेदाकुरती, मुलाकिसोली, एरार्बोर, दुब्बाटोटा के 10 किसानों को पावर स्प्रेयर वितरित किया। मुख्यमंत्री ने एरार्बोर, बरेर्मोगा, ओडिनगुड़ा और मरईगुड़ा वन के कुल 20 तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 3 लाख 40 हजार 460 रुपए संग्रहण राशि वितरित की।

Related Articles

Back to top button