उत्तर प्रदेशराज्य

504 करोड़ की विकास सौगात लेकर बस्ती पहुंचे सीएम योगी, 77 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, हर्रैया-कप्तानगंज की बदलेगी तस्वीर

बस्ती: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बस्ती जिले के हर्रैया पहुंचकर विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 504.34 करोड़ रुपये लागत की 77 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के जरिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने 85.54 करोड़ रुपये की 22 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 275.76 करोड़ रुपये लागत की 30 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। वहीं कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में 62.08 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं का शिलान्यास और 80.96 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

हर्रैया में शिक्षा, सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को मिली रफ्तार

हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में जिन प्रमुख योजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय (पीएमश्री) का निर्माण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण, पर्यटन विकास, छात्रावास निर्माण, नगर पंचायत हर्रैया में गौशाला और अमृत सरोवर का निर्माण तथा सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित परियोजनाओं में राजकीय पॉलिटेक्निक हर्रैया, राजकीय महाविद्यालय भवन, प्रमुख मार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण, सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, छात्रावास, पर्यटन विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं प्रमुख रहीं।

कप्तानगंज में सड़क और पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा

कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें गोटवा-ऊंजी मार्ग, ललहवा-बाबा राम निहाल दास मार्ग और पैकोलिया-शिवाघाट मार्ग का चौड़ीकरण, बाबा भारी नाथ शिव स्थल का पर्यटन विकास, ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण तथा सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा नगर पंचायत कप्तानगंज के कार्यालय भवन, वेलकम मंडप, विभिन्न ग्रामीण संपर्क मार्ग, सड़क चौड़ीकरण, पर्यटन विकास, स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण और सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री ने किया।

विकास कार्यों से क्षेत्र को मिलेगी नई गति

इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सिंचाई तथा शहरी और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री एवं बस्ती प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, एमएलसी सुभाष यदुवंश, गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, विधायक अजय सिंह, विधायक दूधराम, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, पूर्व विधायक रवि सोनकर, पूर्व विधायक सीपी शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष यशकांत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button