
जनता दर्शन में CM योगी का सख्त संदेश: अवैध कब्जे पर तुरंत कार्रवाई करें अफसर, बच्चों की पढ़ाई और युवाओं की नौकरी पर भी दिया जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, वहीं बच्चों की शिक्षा और युवाओं की नौकरी को लेकर भी महत्वपूर्ण बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
‘बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजिए’
जनता दर्शन में कुछ अभिभावक अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। इस दौरान पता चला कि कुछ बच्चों का अभी तक स्कूल में दाखिला नहीं कराया गया है।
इस पर मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक और माध्यमिक स्तर पर गुणवत्ता के आधार पर शिक्षा दी जा रही है।
सीएम योगी ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में बच्चों को मुफ्त शिक्षा के साथ ड्रेस, कॉपी-किताब, जूते-मोजे और अन्य जरूरतों के लिए अभिभावकों के खातों में 1200 रुपये भेजे जा रहे हैं। साथ ही मिड-डे मील के तहत पौष्टिक भोजन भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आप बच्चों का एडमिशन जरूर कराइए और उन्हें नियमित स्कूल भेजिए। शिक्षित बच्चा ही समृद्ध भारत का निर्माण करेगा।”
युवाओं से बोले- मेहनत कीजिए, नौकरी जरूर मिलेगी
जनता दर्शन में पहुंचे युवाओं ने मुख्यमंत्री से सरकारी नौकरियों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया संचालित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और इस साल भी कई विभागों में बड़ी संख्या में भर्तियां होने जा रही हैं।
सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि वे मेहनत से तैयारी करें और किसी सिफारिश के भरोसे न रहें। उन्होंने साफ कहा कि उनकी सरकार में योग्यता के आधार पर भर्ती होती है।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद युवाओं ने भी सकारात्मक सोच के साथ तैयारी जारी रखने की बात कही।
अवैध कब्जे की शिकायतों पर हुए सख्त
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के सामने अवैध कब्जे से जुड़ी कई शिकायतें भी पहुंचीं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों की तत्काल जांच कराई जाए।
उन्होंने राजस्व, प्रशासन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा और निर्देश दिया कि पीड़ित पक्ष को संतुष्ट करते हुए दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कब्जे और दबंगई से जुड़ी शिकायतें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।



