दिल्लीराज्य

दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 8 साल का रिकॉर्ड, राजस्थान में शीत लहर से राहत की उम्मीद

Cold Weather Alert: दिल्ली में बीते कई दिनों से शीतलहर चल रही है। शनिवार को शिमला और मनाली से ज्यादा ठंडी दिल्ली रही। दिल्ली का न्यूनतम तापमान शनिवार को 2.2 डिग्री दर्ज किया गया जो बीते 8 वर्षों में सबसे कम है। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, जबकि मनाली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के सोलन और ऊना में भी न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहा जो दिल्ली से ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार 8 साल बाद जनवरी में इतना कम न्यूनतम तापमान हुआ है। यह सामान्य से पांच डिग्री कम है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान भी 16.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। दिल्ली के रिज में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री रहा, जबकि लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में शीतलहर चल रही है। इसके चलते दिल्ली में ठिठुरन का एहसास हो रहा है। दिन में हल्की धूप निकलने पर भी ठंड बनी हुई है। खासतौर से सुबह और शाम के समय तेज हवा चलने से ठिठुरन ज्यादा हो रही है। रविवार को भी दिल्ली में शीतलहर चलेगी। इसके साथ ही सुबह कोहरा भी घना रहने का अनुमान है। रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, जिसके बाद शीतलहर से राहत मिल सकती है। आगामी 10 जनवरी को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

रेलवे और विमान सेवाएं भी प्रभावित
शनिवार को कोहरे का विमान और रेल सेवा पर बड़ा असर देखने को मिला। एयरपोर्ट पर कोहरे के चलते लगभग 40 विमानों की सेवाएं प्रभावित हुई। कोहरे से हुई देरी के चलते अन्य विमानों को भी बाद में उड़ान भरने में समय लगा। दिल्ली के रेल यातायात पर भी इसका असर रहा। दिल्ली आने वाली लगभग 70 गाड़ियां शनिवार को देरी से दिल्ली के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंची। इसके साथ ही लगभग 20 रेलगाड़ियां देरी से दिल्ली से रवाना हो सकी। फिलहाल अगले तीन दिन तक कोहरे से राहत नहीं मिलेगी।

कश्मीर में मिली राहत
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कई डिग्री के इजाफे से लोगों को शनिवार को भयंकर सर्दी से राहत मिली। अब कुछ दिनों तक हिमपात हो सकती है। राजस्थान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। उधर, हरियाणा और पंजाब में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उससे पिछली रात यह शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। घाटी का प्रवेश द्वार समझे जाने वाले काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री नीचे रहा जबकि सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में यह शून्य से 1.8 डिग्री नीचे रहा। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में पारा शून्य के नीचे 1.4 डिग्री तक लुढक गया। अनंतनाग में पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 नीचे रहा, उससे पिछली रात को यह शून्य से 8.6 डिग्री नीचे था। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मार्ग में आधार शिविर का काम करता है। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट शहर गुलमर्ग में पारा शून्य के नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढक गया, जबकि उसकी पिछली रात को यह शून्य से पांच डिग्री नीचे था।

राजस्थान को शीतलहर से राहत की संभावना
राजस्थान के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात चूरू में पारा शून्य डिग्री, जबकि पिलानी में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सीकर में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने कहा कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने और लोगों को अति शीतलहर, घने कोहरे व शीतदिन के दौर से राहत मिलने की संभावना है।

हरियाणा और पंजाब में कोहरा छाया
हरियाणा और पंजाब में शनिवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा तथा ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा। इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सुबह कोहरा छाया रहा और दृश्यता घट गई। मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के नारनौल और हिसार में पारा लुढ़ककर दो डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पंजाब के बठिंडा और गुरदासपुर में पारा लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा और पंजाब में पिछले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान भी काफी घट गया है और यह 11 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है।

Related Articles

Back to top button