अमेठीउत्तर प्रदेशफीचर्डराज्य

युवा समाजसेवियों की सराहनीय पहल, जरुरतमंदों को बांटा कंबल और अंग वस्त्र

सर्दी में महिलाओं और गरीबों की मदद

हजारों लोगों को कंबल और अंग वस्त्र का किया वितरण

अमेठी, 4 जनवरी 2022 : इस वक्त पूरे उत्तर भारत में सर्दी कहर बरपा रही है। यूपी में भी भीषण ठंड से लोगों का बुरा हाल है।  ठंड से बचने के लिए लोग तमाम इंतजाम कर रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा अगर किसी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो वह गरीब लोग हैं, जिनके पास ठण्ड से बचने के लिए प्रर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। सर्दी से बचने के लिए उनके पास ना तो सही कपड़े होते हैं और ना ही सोने के लिए सही विस्तर। ऐसे में कुछ समाजसेवी आगे आकर इन लोगों की मदद कर इन्हें ठंड से बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में अमेठी जिले के गौरीगंज में करीब 6000 लोगों को कंबल और 5000 लोगों को अंग वस्त्र वितरित किया गया।

अमेठी जिला मुख्यालय के गौरीगंज नगर पालिका में युवा समाजसेवियों ने गरीबों को ठंड से बचाने के लिए एक सराहनीय पहल की। नारी सम्मान कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर इन लोगों ने सोमवार को 6 हजार महिलाओं को कंबल और करीब 5 हजार पुरुष और महिलाओं को अंग वस्त्र वितरित किया है।

गौरीगंज नगर पालिका प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अमेठी विधानसभा स्थित प्रसिद्ध टीकरमाफी आश्रम के महंत ब्रह्मचारी जी महाराज, रायबरेली लालगंज के वल्लभा नंद महाराज और गौरीगंज के जगदंबा प्रसाद की गरिमामय उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक पूरन सिंह, संयोजक उदय भान सिंह और दीपक सिंह के बुलावे पर यह संत गौरीगंज पहुंचे थे। जहां मंच पर इनका स्वागत किया गया और इनके हाथों कुछ लोगों को पहले कंबल और अंग वस्त्र वितरित किया गया। उसके बाद गौरीगंज नगर पालिका के प्रत्येक परिवार हमारा परिवार कार्यक्रम के तहत वहां मौजूद हजारों लोगों को कंबल और अंग वस्त्र देकर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के आयोजक पूरन सिंह ने बताया कि गौरीगंज नगर पालिका के प्रत्येक नागरिक को वह और उनके साथी अपना परिवार मानते हैं। वह लोग गरीबों और मजबूर लोगों की मदद के लिए हमेशा जो बन पड़ता है करते हैं। ऐसे में जब कड़ाके की सर्दी पड़ रही है तो उन्होंने नारी सम्मान कंबल वितरण का आयोजन कर करीब 6000 महिलाओं को कंबल और 5000 महिला पुरुषों को अंग वस्त्र वितरित किया है। उन्होंने कहा यह पहली दफा नहीं है आगे भी वह ऐसे पुनीत कार्य गौरीगंज नगर पालिका के निवासियों के लिए करते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button