राज्यराष्ट्रीय

मोदी से मुकाबले के लिए नागपुर से कांग्रेस का शंखनाद आज, खड़गे, राहुल और सोनिया गांधी होंगे शामिल

नागपुर: कांग्रेस (Congress) के शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी को लोकसभा चुनाव (Loksabha Election 2024) के लिए सक्रिय करने के लिए प्रभावी संजीवनी देने का तय कर लिया है। अपने 139वें स्थापना दिवस 28 दिसंबर को नागपुर से ‘हैं तैयार हम’ घोष वाक्य के पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद करने जा रही है। दिघोरी में गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे (Mallikarjun Kharge), पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) संबोधित करेंगे। यह माना जा रहा है कि पार्टी का यह आयोजन सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुकाबले की तैयारी का आगाज है।

खड़गे, सोनिया, राहुल करेंगे संबोधित
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि अधिवेशन को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष रूप से संबोधित करेंगे। पार्टी का नागपुर में चौथा राष्ट्रीय अधिवेशन है। सबसे पहले 1891 में कांग्रेस कार्यकारिणी का अधिवेशन हुआ था। जब जब नागपुर में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन हुआ है, पार्टी में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इसी उम्मीद के साथ इस आयोजन के बाद समूची पार्टी लोकसभा चुनाव के जरिए भारत के लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को मजबूती देगी। आयोजन में कांग्रेस शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सदस्य मुख्य रूप से शामिल होंगे। साथ ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे।

देश के लोगों के लिये एक ऐतिहासिक क्षण
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने रैली स्थल पर संवाददताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के लोगों के लिये यह एक ऐतिहासिक क्षण है। पार्टी के नेताओं के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे। लाखों लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओ के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई
पटोले ने कहा कि जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई और देश में एक बड़ा बदलाव आया। आपातकाल के बाद (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने नागपुर में जनसभा की थी, और कांग्रेस को विदर्भ की सभी सीटों पर जीत मिली थी। इतिहास अपने आपको दोहराएगा और देश में एक बड़ा परिवर्तन होगा।

यह भी पढ़ें
28 को कांग्रेस का स्थापना दिवस, नागपुर से ‘मिशन-2024’ का आगाज, पुराना है पार्टी का संतरा नगरी से नाता
भारत न्याय यात्रा
पटोले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 14 जनवरी से पहले मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। नागपुर से पार्टी विधायक नितिन राऊत ने बताया कि ‘हैं तैयार हम’ थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी। पार्टी ने अपनी विचारधारा और सोच के कारण रैली के लिए नागपुर को चुना है। एक तरफ संघ की विचारधारा है और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा है, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी है। जनता निश्चित रूप से कांग्रेस के नारे के साथ चलेगी और रैली आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकेगी।

लोकतंत्र बचाने की लड़ाई
महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीम खान ने कहा कि कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘हैं तैयार हम’ का नारा दिया है। कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए 1947 से पहले लड़ाई का नेतृत्व किया था और अब कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की अगली लड़ाई का बिगुल फूंकने जा रही है।

Related Articles

Back to top button