
नई दिल्ली: अच्छी और गहरी नींद बेहतर स्वास्थ्य की सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक मानी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, स्वस्थ रहने के लिए रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है। पर्याप्त नींद से मस्तिष्क का बेहतर विकास होता है, याददाश्त मजबूत रहती है, एकाग्रता बढ़ती है और प्रतिरक्षा तंत्र भी बेहतर तरीके से काम करता है। वहीं, लगातार खराब नींद से तनाव, चिंता, अवसाद जैसी मानसिक समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। कई बार हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें ही अच्छी नींद की सबसे बड़ी दुश्मन बन जाती हैं।
1. शाम के बाद कैफीन का अधिक सेवन करने से बचें
दिनभर में बार-बार चाय, कॉफी या ऊर्जा बढ़ाने वाले पेय का सेवन करने से शरीर में कैफीन की मात्रा बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कैफीन का प्रभाव शरीर में करीब 8 घंटे तक रह सकता है। ऐसे में रात के समय इसका अधिक सेवन करने से नींद आने में परेशानी हो सकती है और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं का जोखिम भी बढ़ सकता है।
2. सोने से पहले भारी भोजन न करें
विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के समय भारी भोजन आसानी से पच जाता है, क्योंकि शरीर सक्रिय रहता है। लेकिन रात में अधिक मात्रा में या भारी भोजन करने से अपच, पेट में भारीपन और बेचैनी की समस्या हो सकती है। इसका सीधा असर नींद की गुणवत्ता पर पड़ता है।
3. रोज एक तय समय पर सोने की आदत बनाएं
अनियमित समय पर सोने और दिन में लंबी नींद लेने से शरीर की प्राकृतिक नींद की लय प्रभावित हो सकती है। यदि रोजाना एक निश्चित समय पर सोने और जागने की आदत बनाई जाए, तो बेहतर और नियमित नींद लेने में मदद मिल सकती है।
4. शराब के सहारे नींद लाने की आदत न डालें
कुछ लोग रात में शराब पीने के बाद जल्दी सो जाते हैं, लेकिन विशेषज्ञ इसे अच्छी आदत नहीं मानते। शुरुआत में यह तरीका असरदार लग सकता है, लेकिन समय के साथ शरीर इसकी आदत बना सकता है। इसके बाद बिना शराब के नींद आने में दिक्कत हो सकती है और पूरी नींद का चक्र प्रभावित हो सकता है।
5. सोने से पहले मोबाइल और डिजिटल उपकरणों से दूरी रखें
मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों का अधिक इस्तेमाल नींद में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इन उपकरणों से निकलने वाली रोशनी शरीर में मेलाटोनिन हार्मोन के उत्पादन को प्रभावित कर सकती है, जिससे देर रात तक नींद नहीं आती और लंबे समय में इसका असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है।



