राज्य

गर्मी से राहत के लिए हो जाएं तैयार, पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज

नई दिल्ली: पिछले कई हफ्तों से देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। हालांकि अब मौसम विभाग ने राहत की जानकारी देते हुए बताया है कि हीटवेव से लंबे समय तक जूझने वाले राज्यों में तापमान गिरने वाला है। इसके अलावा पंजाब, राजस्थान, दिल्ली समेत कुछ राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। तेज आंधी-हवाओं के चलने से भी मौसम में बदलाव आएगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की कमी आएगी। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब जैसे राज्यों में 3 और 4 मई को तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी कुछ इसी तरह का मौसम होगा। उधर राजस्थान में भी कई इलाकों में आंधी आने की संभावनाएं हैं।

मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, दक्षिणी अंडमान सागर में पांच मई के आसपास लो-प्रेसर वाला क्षेत्र बनेगा। इसके चलते नॉर्थईस्ट इलाकों में चार मई तक बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बरसात का अनुमान लगाया गया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अगले दो दिनों में जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 3 मई को जम्मू और कश्मीर में और 3 और 4 मई को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में तीन दिनों तक हल्की बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि, अब भी कई जगह पर तापमान काफी अधिक है। बीते दिन की बात करें तो हरियाणा के नरनौल में मैक्सिमम टेम्प्रेचर 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में 43.8 डिग्री, रोहतक में 42.6 डिग्री, फतेहाबाद में 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Related Articles

Back to top button