व्यापार

पासपोर्ट बनवाना हुआ और आसान, DigiLocker से आवेदन करेंगे तो जल्दी मिलेगा पासपोर्ट; जानिए पूरा प्रोसेस और फायदे

नई दिल्ली: पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब पहले के मुकाबले ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक हो गई है। अगर आप जल्द पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो डिजिलॉकर के जरिए आवेदन करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। पासपोर्ट विभाग के मुताबिक, डिजिलॉकर से जुड़े दस्तावेजों के साथ आवेदन करने पर पासपोर्ट सामान्य प्रक्रिया से करीब 8 से 10 दिन पहले जारी हो सकता है।

अधिकारियों के अनुसार, सामान्य तरीके से स्कैन कॉपी अपलोड करने पर पासपोर्ट बनने में औसतन 21 से 25 दिन का समय लगता है। वहीं, डिजिलॉकर से दस्तावेज सीधे लिंक करने पर यह प्रक्रिया 14 से 15 दिन में पूरी हो रही है। ऐसे में कई लोगों को तत्काल श्रेणी में अतिरिक्त शुल्क देकर आवेदन करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

क्यों तेजी से पूरा हो रहा है आवेदन

पासपोर्ट विभाग का कहना है कि डिजिलॉकर से जुड़े दस्तावेज पहले से सरकारी डेटाबेस में सत्यापित होते हैं। यही वजह है कि आवेदन की जांच प्रक्रिया तेजी से पूरी हो जाती है। विभाग के अनुसार बड़ी संख्या में आवेदन दस्तावेजों की त्रुटियों के कारण लंबित हो जाते हैं।

कई बार आवेदक अलग-अलग दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि या पते की अलग जानकारी जमा कर देते हैं। इसके अलावा धुंधली स्कैन कॉपी, अधूरे दस्तावेज और गलत प्रमाणपत्र भी आवेदन अटकने की बड़ी वजह बनते हैं। डिजिलॉकर के जरिए दस्तावेज लेने पर इन समस्याओं में काफी कमी आती है।

पुलिस वेरिफिकेशन में भी लग रहा कम समय

पासपोर्ट जारी होने से पहले विभागीय और पुलिस स्तर पर जांच की जाती है। आमतौर पर सबसे ज्यादा समय पुलिस वेरिफिकेशन में लगता है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिलॉकर से जुड़े आधार, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सरकारी दस्तावेज पहले से सत्यापित होते हैं, इसलिए पुलिस जांच भी जल्दी पूरी हो जाती है। इससे फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगाने में भी मदद मिल रही है।

ऐसे करें DigiLocker लिंक

आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर आवेदन भरते समय अपने डिजिलॉकर अकाउंट को लिंक कर सकते हैं। लिंक होने के बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य उपलब्ध सरकारी दस्तावेज स्वतः पोर्टल पर दिखाई देने लगते हैं। इससे अलग से स्कैन कॉपी या फोटोकॉपी अपलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती।

पासपोर्ट विभाग आने वाले समय में सेवाओं को पूरी तरह पेपरलेस बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है।

DigiLocker से आवेदन करने के बड़े फायदे

● दस्तावेज सीधे सरकारी रिकॉर्ड से सत्यापित होते हैं
● स्कैन कॉपी अपलोड करने की जरूरत कम पड़ती है
● आवेदन में आपत्ति या गलती की संभावना घटती है
● पुलिस वेरिफिकेशन जल्दी पूरा होता है
● फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगाने में मदद मिलती है

तत्काल पासपोर्ट सेवा में भी तेजी

पासपोर्ट विभाग ने तत्काल सेवा को भी पहले से ज्यादा तेज कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, आवेदन मंजूर होने के बाद तत्काल पासपोर्ट अब दो दिन के भीतर स्पीड पोस्ट से भेजे जा रहे हैं। कई मामलों में अगले ही दिन पासपोर्ट डिस्पैच कर दिया गया। पहले इस प्रक्रिया में चार से पांच दिन तक का समय लगता था।

इससे नौकरी, पढ़ाई, मेडिकल इमरजेंसी और विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

Related Articles

Back to top button